अब तो सिर चढ़कर बोल रही है गर्मीं

Apr 30 2022

ग्वालियर। बीते तीन दिनों से आसमान से बरस रही आग व हीटवेव से आज भी कोई राहत अंचलवासियों को नहीं मिली। क्योंकि मौसम के  शुष्क बने रहने के कारण ही गर्मी के तेवर तीखे बने रहे। शनिवार सुबह आठ बजे से ही सूरज की तपिश व घरों के बाहर चल रही गर्म लू के थपेड़ों ने सड़कों पर निकले लोगों को दोपहर जैसी गर्मी का अहसास कराना शुरु कर दिया। दिन चढऩे के साथ ही पारे की चाल में पंख लगते ही दोपहर बारह बजे ही शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखा। सूरज की तपिश का आलम यह रहा कि साढ़े ग्यारह बजे ही तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय का कहना है कि आज भी अधिकतम पारा 45 डिग्री के आसपास बना रहा, वहीं गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। हालांकि आज रविवार दोपहर बाद अंचल में सक्रिय होने वाले सिस्टम से आसमान में बादलों की आवाजाही शुरु होने से अधिकतम पारा गिरने से दिन में गर्मी से आंशिक राहत जरुर सोमवार से मिलती दिखेगी। लेकिन रात का पारा बढऩे के कारण अब रात में भी गर्मी अंचलवासियों को परेशान करती रहेगी।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीते रोज अधिकतम पारा 45.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से लगभग चार डिग्री अधिक रहने से अंचलवासी गर्मी से बेहाल रहे। वहीं न्यूनतम पारा भी तीन डिग्री बढ़कर 28.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री से अधिक होने व राजस्थान से अंचल में लगातार आ रही गर्म हवा के चलते रात में भी गर्मी ने खासा परेशान किया। उपाध्याय ने बताया कि आज रविवार दोपहर बाद अंचलवासियों को पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से गर्मी से अधिकतम पारे में दो से तीन डिग्री की कमी आने व हवा का रुख पश्चिमी से उत्तरी होने से कुछ राहत मिल सकती है।