घरों में बेचैनी, सड़कों पर सन्नाटा, सुबह से चली लू

Apr 29 2022

ग्वालियर। राजस्थान व गुजरात से लगातार आ रही गर्म हवा के उत्तर से पश्चिमी होते ही अंचल में आसमान से बरस रही आग के चलते गर्मी ने कहर बरपाना शुरु कर दिया है। शुक्रवार सुबह आठ बजे ही सूरज की तपिश झुलसा देने वाली गर्मी का अहसास कराती दिख रही है। दिन चढऩे के साथ ही सूरज के तेवर सख्त होने से घड़ी में बारह बजे ही शहर की सड़कें वीरान दिखाई दे रही हैं। दिन चढऩे के साथ जिस तरह से गर्माहट बढ़ी है और दोपहर में सूरज के तेवर लू का साथ मिलने से और उग्र हा गए। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चौबीस घंटों के दौरान भीषण गर्मी से कोई राहत अंचलवासियों को नहीं मिलेगी। साथ ही नमी सूखने व मौसम शुष्क होने के कारण रात का पारा भी तेजी पकड़ता दिखेगा। 
शुक्रवार सुबह से ही सूरज की कड़क किरणों ने दिन में पडऩे वाली भीषण गर्मी का ट्रेलर दिखाना शुरु क र दिया। दिन चढऩे के साथ ही घरों की छतों पर लगी पानी की टंकियों का पानी नौ बजे ही उबाली मारता दिखा। घरों के अंदर घुसी गर्मी के तेवर ऐसे दिख रहे हैं कि एसी-कूलरों की हवा में बैठने के बाद भी शरीर से पसीना टपक रहा है।
मौसम के ड्राय होते ही वातावरण में नमी घटने के कारण बीते दो दिनों से घरों के बाहर चल रही चार से छह किलोमीटर प्रति घंटे की तीव्रता से चल रही लू शुक्रवार सुबह से ही घरों से बाहर निकले लोगों को परेशान करती दिख रही है। लोग लू के थपेड़ों से बचने चेहरे को पूरी तरह से ढंक कर चलने मजबूर हंै। डॉक्टरों की गर्मी व लू से बचाव के लिए सलाह है कि घरों से बाहर काम से निकलने वाले लोग धूप के सीधे संपर्क में आने पर सूती हल्के कपड़े पहनकर और सिर को टोपी या कपड़े से ढंक कर रखने के अलावा शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें, साथ ही आधा घंटे के अंतराल में शरीर को तरावट देने वाले पेय पदार्थों का सेवन करते रहें।