जब कमी नहीं, तो सभी को दें भरपूर पानी : सिलावट

Apr 27 2022

ग्वालियर। तिघरा में पर्याप्त पानी है इसलिए शहर में लोगों को भरपूर पानी मिलना चाहिए। अगर कहीं से भी कोई सूचना मिलती है कि पानी नहीं मिल रहा है तो वहां तत्काल पानी के टेंकर से पानी पहुंचाया जाए। जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बुधवार को सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक लेते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शहर के सभी पुराने तालाब, बावडिय़ों से अतिक्रमण हटाकर उनका सौंदर्यीकरण किया जाए। प्रभारी मंत्री ने बैठक में कहा कि अमृत योजना के तहत चल रहे कार्य 30 अप्रैल तक पूर्ण किए जाएं। पानी का मैनेजमेंट सुधारा जाए जिससे कि लोगों तक पानी पहुंचने में दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में तथा शहर में पानी के लिए सड़कों की खुदाई की गई हैं उनकी शीघ्र मरम्मत की जाए जिससे कि यातायात बाधित न हो। प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत होने वाले विवाह समारोह को लेकर भी दिशा निर्देश देते हुए कहा कि सभी आवेदकों को फोन का तिथि बढऩे की सूचना दी जाए।
निर्माण कार्यों का मुआयना कराएं
प्रभारी मंत्री ने बैठक में कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में जो विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं उनका जनप्रतिनिधियों को ले जाकर मुआयना कराया जाए। यदि उनके कोई सुझाव आते हैं तो उस पर अमल किया जाए।
हर पंचायत में बने तालाब
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रत्येक पंचायत में तालाब का निर्माण किया जाए। जिन सौ तालाबों के निर्माण की योजना तैयार की गई है उसमें जन सहयोग लिया जाए। उन्होंने कहा कि सौ तालाबों का निर्माण गुणवत्ता के साथ होना चाहिए। बैठक में बिजली मंत्री प्रद्युम्र सिंह तोमर, बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, लघु्र उद्योग विकास निगम की अध्यक्ष इमरती देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष मनीषा यादव, निगमायुक्त किशोर कन्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।