29 तक तीखे रहेंगे गर्मी के तेवर

Apr 27 2022

ग्वालियर। राजस्थान-गुजरात की तरफ से लगातार आ रही गर्म हवा के कारण अंचल इन दिनों भट्टी की तरह तप रहा है। सुबह से ही आसमानी आग व चौबीस घंटे चल रही गर्म हवा ने गर्मी के तेवर तीखे कर रखे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अंचल में दो कमजोर सिस्टम के सक्रिय होने के बाद भी दोनों सिस्टम का असर मौसम के मिजाज पर नहीं पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चौबीस घंटों के दौरान गर्मी व हीटवेव से अंचलवासियों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी। साथ ही दिन व रात के पारे में एक से दो डिग्री बढऩे से गर्मी अपने पूरे आक्रमक रोल में दिखेगी। 
उपाध्याय ने बताया कि मौसम पूरी तरह से शुष्क होने के कारण बुधवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। वहीं वर्तमान में हवा का रुख उत्तर-पश्चिम बना रहने के कारण पारे में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उसके आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश से लेकर कर्नाटक तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। हालांकि ये दोनों मौसम प्रणालियां कमजोर हैं। इस वजह से गर्मी के तीखे तेवरों में विशेष कमी नहीं आ रही है। तपिश बढऩे का सिलसिला 29 अप्रैल तक बना रह सकता है।