सीबीएसई : दसवीं के पर्चे से एग्जाम शुरू

Apr 27 2022

ग्वालियर। सेंट्रल बोर्ड आफ सेेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो चुकी हैं। बुधवार को सीबीएसई बोर्ड की दसवीं की परीक्षा देने के लिए बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा सेंटरों पर पहुंचे। बुधवार को छात्रों का पहला प्रमुख पेपर रहा। बोर्ड परीक्षा के लिए शहर में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का प्रवेश पत्र विद्यार्थियों को बांटे जा चुके हैं। बोर्ड की वेबसाइट पर भी प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं।
सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं की टर्म 2 परीक्षा मंगलवार से शुरू हो चुकी हैं। पहला पेपर ड्राइंग का था। इसको कम ही छात्र देने के लिए पहुंचे थे। बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र इंगलिश का पहला प्रमुख पेपर देने के लिए परीक्षा सेंटरों पर पहुंचे। दसवीं के छात्रों का अगला पेपर गणित का होगा, जो 5 मई को होगा। दसवीं की परीक्षाएं 24 मई को खत्म होंगी। वहीं 12वीं की फाइनल बोर्ड परीक्षाएं 15 जून तक चलेंगी। 
9 बजे परीक्षा सेंटरों पर पहुंच गए छात्र
परीक्षा देने के लिए छात्रों को सुबह 9 बजे सेंटरों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। इसके चलते सभी छात्र परीक्षा से पूर्व सुबह 9 बजे परीक्षा सेंटरों पर पहुंच गए। 10.45 बजे छात्रों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। सुबह 10 बजे के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया गया। सुबह 10.15 बजे छात्रों को प्रश्न पत्र वितरित किए गए।
कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से किया पालन
परीक्षा के दौरान कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए थे। कोरोना संक्रमण एक बार फिर फैलने लगा है इसके चलते परीक्षा देने पहुंचे सभी छात्र मास्क लगाए हुए थे। परीक्षा कक्ष को समुचित रूप से सैनेटाइज किया गया था। यदि कोई विद्यार्थी अथवा उसके परिवार में कोरोना संक्रमित है तो उसके लिए हर केंद्र में अलग से कक्ष बनाया गया है। 
12वीं का पहला प्रमुख पेपर 2 को
कक्षा 10 का पहला पेपर मंगलवार को पेंटिंग और राई, गुरुंग, तमांग, शेरपा और थाई जैसी भाषाओं का हुआ। वहीं बुधवार को पहले प्रमुख सब्जेक्ट के तौर पर अंग्रेजी की परीक्षा बुधवार को हुई। 12वीं के स्टूडेंट्स के लिए मंगलवार को एंटरप्रेन्योरशिप और क्यूटी एंड वेलनेस के पेपर हुआ। 12वीं का पहला प्रमुख पेपर हिंदी का है, जो 2 मई को होगा। 12वीं की टर्म 2 या फाइनल बोर्ड परीक्षाएं 15 जून तक चलेंगी।