उरई से 10 लाख रुपए की स्मैक लेकर आया तस्कर धरा

Apr 26 2022

ग्वालियर। उरई से स्मैक की खेप लेकर आए एक तस्कर को क्राइम ब्रांच व बहोड़ापुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में शंकरपुर से पकड़ा है। पकड़े गए तस्कर से पुलिस और क्राइम ब्रांच ने दस लाख रुपए कीमत की 10 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों का मानना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद कुछ अन्य आरोपी भी हाथ आ सकते हैं।
एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक तस्कर स्मैक की खेप लेकर आने वाला है। सूचना पर क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी दामोदर गुप्ता, बहोड़ापुर थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया, जिस पर क्राइम ब्रांच एसआई राजीव बिरथरे व बहोड़ापुर थाने में पदस्थ एसआई मोहर सिंह के नेतृत्व में दो टीमें बनाई और शंकरपुर में दबिश दी। दबिश के दौरान एक युवक शंकरपुर में खड़ा दिखा। युवक ने पुलिस पार्टी को देख मौके से भागने का प्रयास किया तो पुलिस पार्टी ने युवक का पीछा कर उसे दबोच लिया।
दबोचे गए स्मैक तस्कर की जब ऑनस्पॉट तलाशी ली गई तो उसके पास से एक सफेद रंग की प्लास्टिक की थैली मिली जिसमें कुल दस ग्राम स्मैक की खेप बरामद की गई है। पकड़े गए स्मैक तस्कर का नाम तोसीब शाह पुत्र मोहम्मद बाबू शहर उम्र 37 साल उरई जिला जालौन का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने आरोपी तोसीब के खिलाफ 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दस लाख रुपए कीमत की स्मैक बरामद की गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह कब से और शहर में किन-किन लोगों को स्मैक की खेप देकर बिक्री करवाता था और कहां-कहां सप्लाई की जाती थी।