आयुष्मान कार्ड से हर जरूरतमंद को मिलेगा अच्छी स्वास्थ्य सुविधा का लाभ-सांसद

Apr 25 2022

ग्वालियर। आयुष्मान कार्ड आज हम सभी के लिए कितना जरूरी है। यह में जब एहसास होता है तब कोई गरीब बीमार पढ़कर अपने इलाज के लिए परेशान होता है। सरकार ने आम जनों की इसी परेशानी को समझते हुए सभी जरूरतमंद नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने का संकल्प लिया है और सोमवार से नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर के सभी जरूरतमंदों को आसानी से निशुल्क आयुष्मान कार्ड मिले इसके लिए विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। आयुष्मान कार्ड से सभी नागरिकों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। यह बात सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सोमवार को बाल भवन में नगर निगम ग्वालियर द्वारा प्रारंभ किए गए जन जन तक पहुंचे आयुष्मान कार्ड अभियान का शुभारंभ करते हुए कही। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रुप में मुन्नालाल गोयल, महंत ऋषभ देव आनंद महाराज, कृष्ण राव दीक्षित, दिनेश दीक्षित एवं निगमायुक्त किशोर कन्याल सहित निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मप्र बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल ने कहा कि आयुष्मान कार्ड आम जनों को निशुल्क एवं बिना किसी असुविधा के मिले इसके लिए नगर निगम द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अवसर पर निगमायुक्त किशोर कन्याल ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरतमंद लोगों को पाच लाख रूपए प्रति परिवार के मान से सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है। योजना के तहत चयनित अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारक को पाच लाख रूपए तक का नि:शुल्क इलाज उपलब्ध होता है। योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, इसके लिये शहरी क्षेत्र में सभी 26 जनमित्र केन्द्रों, 25 नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालयों के साथ ही 5 लोक सेवा केन्द्रों पर 25 अप्रैल से प्रात 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ मनीष शर्मा ने सभी को आयुष्मान भारत योजना के बारे में जानकारी दी।
आयुष्मान कार्ड के लिये व्यक्ति को कार्ड बनाने हेतु समग्र आईडी, आधारकार्ड के साथ स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। परिवार के प्रत्येक सदस्य के कार्ड पृथक-पृथक बनेंगे। आधार कार्ड के साथ-साथ ड्रायविंग लायसेंस, जन्म प्रमाण-पत्र अथवा कोई भी शासकीय परिचय पत्र जिसमें फोटो लगा हो लेकर हितग्राही आ सकते हैं।