मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर भिखारियों को देख प्रभारी मंत्री ने दिए निर्देश भिखारियों का होगा सर्वे, मिलेगी पेंशन

Apr 24 2022

ग्वालियर। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने रविवार्र को शहर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर दर्शन के बाद यहां भिखारियों की भीड़ पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिरों के बाहर बैठने वाले भिखारियों का सर्वे किया जाए। ऐसे लोग जो पेंशन के पात्र हैं उनके पेंशन प्रकरण तत्काल मंजूर किए जाएं। इस मौके पर एसपी अमित सांघी, निगम आयुक्त किशोर कन्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कम से कम पानी ही साफ हो जाए
भ्रमण पर निकले सिलावट सबसे पहले मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में दर्शन कर जल विहार पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों से चर्चा कर पूछा कि जलविहार के लिए क्या बेहतर हो सकता है। इस पर यहां आने वाले सैलानियों ने कहा यहां का पानी बहुत गंदा है। इसकी सफाई होना चाहिए। महिलाओं का कहना था कि बच्चों के खेलने के लिए और बड़ों के व्यायाम के लिए और उपकरण लगना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां काफी संख्या में लोग घूमने के लिए आते हैं, इसलिए यहां सफाई व्यवस्था अच्छी होना चाहिए। उन्होंने यहां लाइटिंग व्यवस्था को और भी बेहतर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। मंत्री ने परिसर को और आकर्षक बनाने के भी निर्देश दिए।
अटल संग्रहालय थीम रोड देखी
प्रभारी मंत्री सिलावट ने महाराज बाड़ा गोरखी स्थित अटल जी की स्मृति में यहां बनाए जा रहे म्यूजियम को देखकर कहा कि इसमें कुछ सुधार की आवश्यकता है। इस संबंध में उन्होंने निर्देश दिए। यहां से वे थीम रोड़ को देखने पह़ुंचे। थीम रोड पर चल रहे कार्यों को देखा और कहा कि इन कामों को और गति दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने डिजिटल लाइबेरी का भी अवलोकन किया। उन्होंने इसके उचित प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए।