रेलवे कालोनी में आइपीएल पर सट्टा लगवा रहे दो सटोरियों को पकड़ा

Apr 24 2022

ग्वालियर। रेलवे कालोनी में आइपीएल पर सट्टा लगा रहे सुधीर चक व हरीश किरार को पड़ाव थाना पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस को इनके पास से तीन मोबाइल व 60 हजार रुपये बरामद किये हैं। पुलिस आरोपियों के मोबाइल से आइपीएल सट्टा लगाने वाले ग्राहकों की सूची निकाल रही है। आइपीएल सट्टा लगाने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पड़ाव थाना पुलिस ने दोनों आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
एसएसपी अमित सांघी के निर्देश पर आइपीएल सट्टे के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पड़ाव थाना प्रभारी विवेक अष्ठाना को सूचना मिली कि रेलवे कालोनी में दो बाहर के युवक आइपीएल मैचों पर सट्टा लगवा रहे हैं। यह दोनों युवक मोबाइल के माध्यम से कर रहे हैं। इस सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सुधीर पुत्र जगदीश चक निवासी शांति नगर व हरीश पुत्र गोपाल किरार निवासी गांधी नगर को संदेह के आधार पर पकड़ा। इनकी तलाशी लेने पर तीन मोबाइल व 60 हजार रुपये निकले। मोबाइल को चेक करने पर आइपीएल सट्टे के एप निकले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आइपीएल पर सट्टा बुक करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस आरोपियों के जब्त मोबाइल से आइपीएल सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की सूची निकाल रही है। पुलिस की नजर आइपीएल के बड़े खिलाडिय़ों पर है। पुलिस इन ग्राहकों से पूछताछ कर आइपीएल सट्टे के अन्य नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
बड़े बुकीज पुलिस की पकड़ दूर, एजेंटों के जरिये करोड़ों का खेल कर रहे हैं
पुलिस के हाथ केवल उनके एजेंट लगे हैं। बड़े बुकीज पर पुलिस शिकंज कसने में पूरी तरह से नाकाम रही है। जबकि एजेंटों ने इन बड़े बुकीज के नाम और नेटवर्क के संबंध में काफी कुछ जानकारी उगली है। इसके बाद भी पुलिस का इन बड़े बुकीज तक नहीं पहुंच पाना कई सवालों को जन्म दे रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह लोग शहर से बाहर जाकर बड़े शहरों में अपनी दुकान जमाकर बैठे हैं, लेकिन सवाल उठता है कि जब पुलिस नागलैंड से नाइजीरियन ठगों से जुड़े युवक को पकड़कर ला सकती है, तो फिर इन बुकीज तक क्यो नहीं पहुंच पा रही। क्या एजेंटों को पकड़कर आइपीएल सट्टे पर लगाम कसी जा सकती है।
उक्त कार्यवाही में दामोदर गुप्ता, विवेक अष्ठाना, राजीव सोलंकीे, रामबाबू, अनिल गुप्ता, आरक्षक आशीष शर्मा, गौरव आर्य, सोनू परिहार, दीपेन्द्र राजावत, दुर्गाप्रसाद, शैलेश परमार की सराहनीय भूमिका रही।