26 तक शरीर को झुलसाने वाली गर्मी से कोई राहत नहीं

Apr 23 2022

ग्वालियर। अंचल में सक्रिय हुआ सिस्टम आगे बढ़ते ही शनिवार सुबह से ही निकले सूरज की तपिश ने घरों से बाहर निकले लोगों को गर्मी का अहसास कराना शुरु कर दिया। दिन चढऩे के साथ बदले सूरज के तेवर व राजस्थान से आ रही गर्म हवा ने गर्मी से शहरवासियों को बेहाल करना शुरु कर दिया। चटक धूप का आलम यह था कि सुबह साढ़े आठ बजे ही पारा 31 डिग्री के पार जा पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार अब अंचल में कोई सिस्टम नहीं होने व अरब सागर से आ रही नमी के कम होते ही गर्मी का तीसरा चरण दिन व रात में पारा बढ़ते ही तपिश व आज से चलने वाली लू अंचलवासियों को गर्मी से परेशान करती दिखेगी। आगामी 26 अप्रैल तक शरीर को झुलसाने वाली गर्मी से कोई राहत नहीं मिल सकेगी।
बीते रोज तक अंचल में सक्रिय सिस्टम व अरब सागर से आ रही नमी के चलते दिन व रात का पारा सामान्य होते ही अंचलवासियों को गर्मी से दो दिनों तक राहत मिलती दिखी। लेकिन बीती शाम के बाद सिस्टम के पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर शिफ्ट होते ही शनिवार सुबह से ही एक बार फिर सूरज की तपिश ने लोगों को गर्मी का अहसास कराना शुरु कर दिया।
मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि अंचल में सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ चुका है। आगामी चौबीस घंटों के दौरान दिन के पारे में दो डिग्री का उछाल आने व अब हवा का रुख उत्तर से पश्चिम होने से आगामी आने वाले दिनों में दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी होने के साथ ही चलने वाली हीटवेव अंचलवासियों को भीषण गर्मी में परेशान करेगी।