डीजे बंद कराने गई पुलिस को बदमाशों ने मारा

Apr 22 2022

ग्वालियर। बदमाशों के हौसले तो देखिए। पुलिस ने जब आधी रात के बाद भी तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद करने को कहा तो जिनके यहां डीजे बज रहा था उन्होंने डीजे की आवाज तो कम की नहीं उल्टे पुलिस को दौड़ा-दौड़ा कर मारा और पुलिस की डायल 100 की गाड़ी के चालक को यह कहते हुए अधमरा कर दिया कि अगली बार यहां आए तो जान ही ले लेंगे। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र स्थित प्याऊ वाली गली की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसमें दो की शिनाख्त हो गई है।
इस मामले में इंदरगंज थाने में धर्मेंद्र सिंह तोमर ने केस दर्ज करवाया। उसका कहना है कि गुरुवार की रात करीब 12 बजकर 55 मिनट पर सरकारी मोबाइल पर सूचना आई है कि प्याऊ वाली गली में तेज आवाज में डीजे बज रहा है। इसी सूचना पर डायल 100 मौके पर पहुंची। इसमें प्रधान आरक्षक गिरीश पाल और आरक्षक जितेंद्र साथ में थे। डीजे भूपेंद्र जाटव के यहां आयोजित बर्थडे समारोह में बज रहा था। बकौल धर्मेंद ने जब डीजे बंद करने को कहा तो तीन-चार लड़के आए और बोले तू होता कौन है डीजे बंद करवाने वाला। हमने पैसे खर्च किए हैं। जब उन्हें बताया गया कि समय ज्यादा हो गया है डीजे तो बंद करना ही पड़ेगा तो लड़के हमलावर हो गए।
पुलिस पार्टी पर हमला करने वाले युवकों में शामिल दो युवक एक दूसरे का नाम भूपेंद्र और राहुल ले रहे थे। यह पुलिस पार्टी को धक्का देकर गली में लाए और लात-घूसों से धर्मेद्र की पिटाई की और पुलिस वालों को भी नहीं बख्शा। इसमें एक युवक सरिया लेकर आया और धर्मेंद्र का सिर फोड़ दिया। गाड़ी पर भी हमला किया। धर्मेंद्र डायल 100 का ड्राइवर है।
पुलिस ने इस मामले में 353(शासकीय काम में बाधा डालना), 332 (शासकीय सेवकों से मारपीट),324(गहरा घाव देना), 427(तोडफ़ोड़), 294(गाली गलौज), 506(धमकी देना) और 34 (एक राय होकर हमला करना) धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हमलावर फरार हैं। 
भागते नहीं तो जान ही ले लेते 
डीजे बंद कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर नशे में तर हमलावरों ने लाठी सरियों से हमलाकर मारपीट कर दी। बदमाश इतने नशे में थे कि अगर वह भागते नहीं तो जान ले लेते। यह कहना है मारपीट का शिकार हुए पायलट व पुलिसकर्मियों का। 
घायलों ने बताया कि उन्हें आधी रात को डीजे बजने की शिकायत मिली थी। जिस पर पायलट धर्मेन्द्र तोमर, प्रधान आरक्षक गिरीश पाल, आरक्षक जितेन्द्र गुर्जर प्याऊ वाली गली पहुंचे, यहां पर आरक्षक और प्रधान आरक्षक डीजे बजा रहे युवकों को समझाने पहुंचे तो वह विवाद पर उतर आए और विवाद बढ़ा तो पायलट ने उनका वीडियो बनाने का प्रयास किया, इस पर उन्होंने उसे पटक कर मारपीट करना शुरू कर दिया। हमलावर काफी उग्र थे और उनकी जान भी ले सकते थे। मामले का पता चलते ही इंदरगंज थाना पुलिस के साथ ही अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही हमलावर वहां से भाग निकले। 
पांच माह पहले भी हुई थी डायल 100 की तोडफ़ोड़
यह पहला मौका नहीं है कि बदमाशों ने डायल 100 की तोडफ़ोड़ की है, इससे पहले पांच माह पहले इसी एफआरवी पर बदमाशों ने हमला कर तोडफ़ोड़ की थी, लेकिन उस समय इसकी शिकायत नहीं हुई थी और स्थानीय स्तर पर चर्चा कर मामले का निराकरण कर लिया था। 
बदमाशों की तलाश में सुबह से पुलिस टीम ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी अपने घरों से फरार मिले हैं। पुलिस उनके संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। 
सीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि पड़ाव पुलिस पर हमला करने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस की दो टीमें दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।