चोरों के घर पहुंची पुलिस, पांच फ्रिज बरामद

Apr 20 2022

ग्वालियर। गोदाम से फ्रिज चोरी करने वाले दो चोरों को मुरार थाना पुलिस ने दबोचा है और उनके पास से चोरी किए गए फ्रिज बरामद किए है। चोरों को पकडऩे में पुलिस को तीन किलोमीटर तक करीब 45 सीसीटीवी कैमरे खंगाले तब कहीं चोरों का सुराग लगा है। पुलिस ने पकड़े गए चोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 
मुरार थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि रामजानकी मंदिर के पास व्यवसायी कमल गुरुबक्सानी पुत्र तीरथ दास गुरुबक्सानी का गोदाम है और दो दिन पहले उनके गोदाम का ताला चटकाकर चोरों ने पांच फ्रिज चोरी कर ले गए। वारदात का पता चलते ही पीडि़त ने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।
45 कैमरे खंगाले तो मिले चोर
वारदात के बाद पुलिस ने पड़ताल की और वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि एक नकाबपोश चोर ने गोदाम का ताला तोड़ा और फिर एक फ्रिज लेकर ऑटो से बारादरी होते हुए थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित बजरिया पहुंचा। यहां पर तलाश की तो दो चोरों का पता लग गया और पुलिस ने संजय पुत्र रामप्रसाद सिसौदिया और गब्बर जाटव उर्फ छुन्ना पुत्र रमेश जाटव को दबोच लिया और उनसे पूछताछ के बाद चोरी किए गए पांचों फ्रिज बरामद कर लिए। 
चोरों को पकडऩे में प्रधान आरक्षक कप्तान सिंह, आरक्षक योगेन्द्र सिकरवार, पंकज तोमर, योगेन्द्र गुर्जर, अनिल मावई, दिनेश राजावत, मनीष गुर्जर, शिवनारायण और राजवीर की सराहनीय भूमिका रही। 
एक लाख का माल ले गए चोर
सिरोल थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन से चोरों ने एक फ्लेट से एलसीडी, सिलेण्डर सहित अन्य कीमती सामान सहित करीब एक लाख रुपए का माल चोरी कर ले गए। घटना का पता चलते ही पीडि़त थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। सिरोल थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन निवासी आदित्य यादव पुत्र दिनेश यादव की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।