ट्रक भिड़े, एक की मौत, डेढ़ दर्जन घायल

Apr 20 2022

ग्वालियर। मजदूरों से भरा ट्रक एक अन्य ट्रक से भिड़ गया। घटना घाटीगांव थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित रेहट गांव के पास गत रात की है। घटना के बाद घायलों की चीख-पुकार मच गई। वहां से निकल रहे वाहन चालक मदद में जुटे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पनिहार और घाटीगांव थाने का बल मौके पर पहुंचा और घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। जहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया और शेष को उपचार के लिए भर्ती करा दिया है। 
इटावा निवासी रामू धानुक (28) पुत्र होशियार सिंह मजदूर है और बीती रात ट्रक में अपने साथियों के साथ मजदूरी करने के लिए सुजानपुर देवास के लिए रवाना हुआ था। अभी वह घाटीगांव थाना क्षेत्र स्थित रेहट गांव के पास पहुंचे ही थे कि तभी सामने चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक बे्रक लगा दिए। ब्रेक लगाने से पीछे मजदूरों से भरा ट्रक भी उसमें जा घुसा और ट्रक में सवार मजदूर घायल हो गए। 
वाहन चालकों ने की मदद
हादसे के बाद वहां से निकल रहे वाहन चालक मदद के लिए आ गए और पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को बचाने में जुट गए। इसी बीच घाटीगांव थाना पुलिस के साथ ही पनिहार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत ही उपचार के लिए भिजवाया।  यहां पर डॉक्टरों ने रामू धानुक को मृत घोषित कर घायलों को उपचार के लिए भर्ती करा दिया है। घायलों में ग्यासी राम, हरकुंवर, रचना, गंगा प्रसाद, जानकी, रजनी, मनोज और मुकेश की हालत गंभीर बताई गई है। 
हादसे के बाद घायलों को तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए पुलिस को क्रेन बुलानी पड़ी तब कहीं केबिन में बैठे लोगों को बाहर निकाला गया।