ऑनलाइन आईपीएल का सट्टा खिलाने वाला क्राइम ब्रांच ने पकड़ा

Apr 19 2022

ग्वालियर। लगातार हो रही कार्रवाई के बाद भी सटोरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा लगवा रहे हैं। बीती रात क्राइम ब्रांच व गिरवाई थाना पुलिस ने एक सटोरिए को ऑनलाइन सट्टा लगवाते सिकंदर कंपू स्थित गुरुनानक अपार्टमेंट के पास से पकड़ा है। पकड़े गए सटोरिए से क्राइम ब्रांच व गिरवाई पुलिस ने 18 हजार रुपए नगदी के साथ ही करोड़ों रुपए का हिसाब पकड़ा है। उसने अपना नाम सुमित पुत्र वासुदेव लखवानी निवासी सैनिक कॉलोनी बताया। क्राइम ब्रांच व गिरवाई थाना पुलिस ने पकड़े गए सटोरिए से पूछताछ शुरू कर दी है। 
एएसपी राजेश डंडोतिया ने बताया कि बीती रात सूचना मिली कि सिकंदर कंपू स्थित गुरुनानक अपार्टमेंट के पास एक सटोरिया सट्टा लगवा रहा है। सूचना मिलते ही टीआई दामोदर गुप्ता, थाना प्रभारी गिरवाई रघुवीर मीणा, एएसआई राजीव सोलंकी, मुकेश कुशवाह, प्रधान आरक्षक रामबाबू, अनिल गुप्ता, अरविन्द शर्मा, आरक्षक अभिषेक, आशीष, सोनू परिहार, महिला आरक्षक राखी वैश्य को सटोरिए को पकडऩे के लिए पहुंचाया। क्राइम ब्रांच व पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम सुमित लखवानी बताया। पुलिस व क्राइम ब्रांच ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से मिले मोबाइल पर सट्टा लगवाने की पुष्टि हुई। पुष्टि होते ही सुमित को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास से 18 हजार रुपए बरामद हुए और मोबाइल में ही करोड़ों रुपए का हिसाब मिला है। 
ग्राहकों को 2 बाल पीछे दिखाया जाता था लाइव मैच
आरोपी सुमित से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह रोलेक्स 12 व 99 हब लाइन पर सट्टा लगवाता था और अवैध लाभ अर्जित करने की नियत से ऑनलाइन आईडी बनाई थी, जिसमे ग्राहकों को लाइव मैच से 02 बॉल पीछे का मैच दिखाया जाता है। जबकि 20-20 मैच में एक बॉल की जानकारी भी बहुत महत्वपूर्ण होती है। आरोपी मास्टर आईडी वाले मुख्य बुकी जिसे लाइव मैच या आईडी सॉफ्टवेयर के हिसाब से 02 बाल पहले की जानकारी रहती है। एजेंट साथी आरोपी को एक बाल पहले की जानकारी सॉफ्टवेयर पर शो होती है। ज्यादातर सट्टा खेलने वाले ग्राहक मोबाइल का उपयोग करते हंै जो बुकी द्वारा पहले से लाइव देखे गए मैच के हिसाब से भाव घटा-बढ़ाकर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी करते हंंै। 
एक्सयूवी कार में ले रहा था सट्टा, पकड़ा
थाटीपुर थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच ने थाटीपुर पेट्रोल पंप के पास चलती कार में सट्टा लगवा रहे सटोरिए को पकड़ा है। पकड़े गए सटोरिए से पुलिस ने नगदी दस हजार रुपए के साथ मोबाइल व हिसाब-किताब बरामद किया है। टीआई थाटीपुर पंकज त्यागी ने बताया कि सूचना मिली थी कि थाटीपुर पेट्रोल पंप के पास एक सटोरिया आईपीएल मैचों पर सट्टा लगवा रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच व थाटीपुर थाने की दो टीमें बनाईं और घेराबंदी कर एक घंटे की मशक्कत के बाद स्कार्पियो सवार सटोरिए को पकड़ा है। पकड़े गए सटोरिए की पहचान पवन पुत्र किशोरी लाल जाटव निवासी शिव नगर के  रूप में हुई है। पुलिस ने सटोरिए को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पड़ताल में पता चला है कि वह आईपीएल मैचों पर सट्टा लगवा रहा था और पुलिस से बचने के लिए ही वह चलती कार में सट्टा ले रहा था।