आरक्षक ने फायरिंग कर रहे बदमाश से छीनी पिस्टल, घासमंडी में वर्चस्व को लेकर दो गुटों में गोलीबारी

Apr 19 2022

ग्वालियर। वर्चस्व को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान पहुंचे पुलिस जवानों ने फायरिंग करने जा रहे बदमाश की पिस्टल को अपनी जान जोखिम में डालकर छीन लिया। इससे गैंगवार होने से बच गया। 
घासमंडी में वर्चस्व को लेकर गत रात को रिंकी यादव और बच्चा यादव के गुटों में मारपीट के बाद फायरिंग हो गई। फायरिंग के दौरान मौके पर एफआरबी पहुंच गई थी। जिसमें तैनात आरक्षक सुमित शर्मा गोली मारने के लिए पिस्टल लोड कर रहे बदमाश पर अपनी जान की परवाह किए बगैर झपट पड़े और उसकी पिस्टल छीन ली। पिस्टल हाथ से छूटते ही बदमाश ने दौड़ लगा दी। इसके बाद एक-दूसरे पर गोलियां चला रहे बदमाश भी मौके से भाग गए। दो गुटों के बीच फायरिंग की सूचना मिलते ही एएसपी अभिनव चौकसे भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस को फायरिंग व सिपाही के पिस्टल पर झपट्टा मारने के फुटेज मिल गए हैं।  एसएसपी अमित सांघी ने बहादुरी के लिए आरक्षक को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। 
घासमंडी निवासी रिंकी व अन्नी यादव की आनंद उर्फ बच्चा यादव से पुरानी रंजिश चल रही है। 15 दिन पहले ही बच्चा यादव हत्या के प्रयास के मामले में जेल से जमानत पर छूटकर आया है। इन लोगों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। गत रात को दोनों गुट आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से करीब 10 से अधिक लोग हाथों में पिस्टल व कट्टे लिए थे। पहले इन लोगों के बीच मारपीट हुई जिसमें दो लोगों के सिर फूट गए। इसके बाद दोनों तरफ से दो से तीन फायर होने से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
हथियार छुड़ाने के लिए आरक्षक बदमाश से हुआ गुत्थम-गुत्था
घासमंडी पुलिस चौकी पर तैनात एफआरवी गोलियों की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंच गई। इस दौरान आरक्षक सुमित शर्मा की नजर एक बदमाश पर पड़ी, जो कि फायर करने के लिए पिस्टल लोड कर रहा था। सिपाही बगैर समय गंवाए उसकी पिस्टल पर झपट पड़ा। पिस्टल बचाने के लिए बदमाश भी सिपाही से गुत्थम-गुत्था हो गया। बदमाश के हाथ से पिस्टल छूटते ही उसने दौड़ लगा दी। उसके बाद पुलिस को देखकर दोनों तरफ के बदमाश मौके से भाग निकले। बाद में और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एफआरवी में सुमित के साथ फिराज खान भी थे। झगड़े में दो लोगों के सिर फूटने की बात मौके पर मौजूद लोग बता रहे थे, लेकिन पुलिस के सामने कोई नहीं आया। पुलिस को घटना के सीसीटीवी फुटेज भी मिल गए हैं। दोनों पक्षों में से कोई भी थाने नहीं पहुंचा था। पुलिस फुटेज से फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान कर रही है।
आरक्षक को पांच हजार के नकद इनाम से किया सम्मानित
आरक्षक सुमित शर्मा ने फायरिंग कर रहे बदमाश से पिस्टल छीनकर बड़ी वारदात होने से बचा ली। आरक्षक को पांच हजार का नकद इनाम दिया गया है। यह दो गुटों के बीच का झगड़ा है। दोनों तरफ से दो से तीन फायर हुए हैं। बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।