स्मैक तस्करों के घरों पर चला बुलडोजर, तीन मकान जमींदोज

Apr 18 2022

ग्वालियर। स्मैक बेचकर युवाओं को खोखला करने वाले तीन तस्करों के घर गेंडे वाली सड़क पर सोमवार को बुलडोजर गरजा और उनके मकान जमींदोज कर दिए। मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अफसरों के साथ ही निगमकर्मी और पुलिस जवान भारी संख्या में मौजूद थे।
एसडीएम लश्कर अनिल बनवारिया ने बताया गेंडे वाली सड़क निवासी नेहरू वाल्मीक, कल्लू खान व यूनिस खान स्मैक का नशा बेचते हैं और तीनों के खिलाफ करीब एक सैकड़ा के करीब अपराध दर्ज हंै। सोमवार को  पुलिस और प्रशासन की टीम जब कार्रवाई करने पहुंची तो आरोपियों ने उसका विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण वह सफल नहीं हो सके और प्रशासन ने उनके मकानों पर बुलडोजर चला दिए। बुलडोजर उस वक्त रूके जब उनके मकान जमींदोज कर दिए।                     
जमीदोंज किए गए मकानों के मालिक नेहरू वाल्मीक पर कुल 52 मामले तो कल्लू खान पर कुल तीन दर्जन मामले तथा यूनिश खान पर कुल 26 मामले दर्ज हैं और कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद भी आरोपियों ने नशे का कारोबार बंद नहीं किया और जेल से आने के बाद फिर से अपने पुराने काम पर लग जाते थे।
छह माह पहले भी तोड़ा था मकान
बताया गया है कि नेहरू वाल्मीक, कल्लू खान और यूनिश खान के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने छह माह पूर्व कार्रवाई कर इनके मकान जमीदोंज किए थे, लेकिन मौका लगते ही एक बार फिर उसी सरकारी जमीन पर मकान बनाना शुरू कर दिया, जिसे तोड़ा गया था। यह भी रहे मौके पर मौजूद कार्रवाई में सीएसपी विजय भदौरिया, आरआई महेन्द्र यादव व पटवारी विनोद यादव सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।