ससुराल वालों ने दामाद की उसके घर में ही मारपीट की

Apr 16 2022

ग्वालियर। ससुराल वालों ने दामाद की उसके घर में मारपीट की और उसे एक गार्डन में ले जाकर जमकर पीटा, इसके बाद भी उनका मन नहीं भरा और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पति की ना सुनते हुए उसे हवालात में बिठा दिया। घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के समर्थ नगर की है। हाइवोल्टेज ड्रामे में पुलिस अफसरों के हस्तक्षेप के बाद पति के खिलाफ पत्नी की शिकायत पर मारपीट, गाली-गलौज का मामला और पति की शिकायत पर पुलिस ने अदम चेक काटकर इतश्री कर ली है। 
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के समर्थ नगर निवासी मोहनीश कुशवाह डांस टीचर है और एक निजी स्कूल में बच्चों को डांस सिखाता है। चार साल पहले मोहनीश का विवाह मैरिज गार्डन संचालक रामकुमार सिकरवार की बेटी मेघना के साथ हुआ है। मोहनीश के परिवार में सिर्फ वह और उसकी मां है। शादी के कुछ समय तक तो सब ठीक चला और उसके बाद मेघना का व्यवहार बदलने लगा और उसके घर के मामलों में मायके पक्ष के लोग हस्तक्षेप करने लगे, जिससे विवाद होने लगे और हर बार मेघना के मायके पक्ष के लोग दबाव बनाकर उसे चुप करा देते थे। 
मेघना के पिता रामकुमार सिंह, शिववीर सिंह, अनिता सिंह, शिवकरण परमार, छोटू सिंह सहित करीब दो से तीन दर्जन लोग मोहनीश के घर पर पहुंचे और मोहनीश की मारपीट की और उसे पीटते हुए गोला का मंदिर चौराहा स्थित इंद्रप्रस्थ मैरिज गार्डन लेकर पहुंचे और यहां पर मोहनीश को इतने चांटे मारे की उसके  गाल सूज गए। इसके बाद उसे गोला का मंदिर थाने में बंद करा दिया। 
पुलिस ने मेघना कुशवाह की शिकायत पर पति मोहनीश व उसकी मां सुनीता के  खिलाफ मारपीट, गाली गलौज व धमकी देने का मामला दर्ज किया है। वहीं मोहनीश का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने सिर्फ अदमचेक काट दिया है।  
पीडि़त ने बताया कि इससे पहले वह डांस अकेडमी चलाता था, जिसे ससुराल वालों के हस्तक्षेप के चलते बंद करना पड़ा और अब स्कूल में कोचिंग देने जाता है तो इसका भी विरोध करते है। उनका कहना है कि वह अपनी प्रॉपर्टी पत्नी के नाम कर दे।