हनुमान जी के जन्मोत्सव पर शहर में रही धूम

Apr 16 2022

ग्वालियर। शहरार में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर सुबह से ही शहर के प्रसिद्ध हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगना शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने हनुमान लला के दर्शनों के साथ जगह-जगह सुंदरकांड पाठ और भंडारों का आयोजन भी किया गया। सभी मंदिरों में हनुमानजी की प्रतिमा का खास शृंगार किया गया। शहर के प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर में छप्पन भोग का प्रसाद हनुमानजी को लगाया गया। इस मौके आयोति भंडारे में भक्तों को प्रसादी वितरण भी किया गया। सैंकड़ों भक्तगणों ने मंदिर में परिवार सहित प्रसादी पाई। इसी क्रम में रेलवे स्टेशन पड़ाव स्थित मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर भी सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। छतरी बाजार स्थित रोकडिय़ा सरकार मंदिर और महाराज बाड़ा स्थित मंदिर में भी सुबह से ही भक्त दर्शनों के लिए पहुंचने लगे थे। भक्तों की भीड़ को देखते हुए रोकडिय़ा सरकार मंदिर पर पुलिस ने मोर्चा संभाले रखा।
हनुमान जन्मोत्सव पर सुबह से ही शहर के सभी मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। बालाजी मंदिर, गरगज हनुमान, खेड़ापति हनुमान सहित शहर के सभी मंदिरों पर सुबह से ही लोग दर्शन व पूजन अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिरों व हनुमानजी की प्रतिमाओं को सजाने का काम भी पिछले दो दिन से चल रहा था। चूंकि शनिवार को ही जन्मोत्सव था। इसलिए भी मंदिरों पर अधिक श्रद्धालु पहुंचे। सुबह सबसे पहले हनुमानजी की आरती व पूजा की गई। साथ ही हर मंदिर पर हनुमान जी को जो चीजें अधिक पसंद आती हैं, उनका भोग लगाया गया और प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं के बीच में वितरण किया गया।
हनुमान जन्मोत्सव शनिवार को रवियोग व हर्षण योग में मनाया जा रहा है। साथ ही आज हस्त व चित्रा नक्षत्र भी है। 16 अप्रैल को हस्त नक्षत्र सुबह 8:40 तक रहा। उसके बाद चित्रा नक्षत्र शुरू हुआ। इसके साथ ही रवि योग सुबह 5:55 से प्रारंभ होकर सुबह 8:40 तक रहा। इस दिन शनिवार होने से हनुमान जन्मोत्सव का महत्व और अधिक बढ़ गया है। शनिवार और मंगलवार का दिन हनुमान जी को समर्पित माना गया है। 
लगातार 25 वर्षो से यहां हो रहा है अखंड रामायण पाठ
पड़ाव पुल के नीचे स्थित मंशापुर्ण हनुमान मंदिर तीन सौ साल पुराना है। जहां 1997 से लगातार अखंड रामायण पाठ चल रहा है। यहां भगवान शंकर के परिवार के साथ-साथ भैरव जी के 51 स्वरूप हैं, जिनकी 51 अखण्ड ज्योति यहां जल रही है। हनुमान जन्मोत्सव पर सबसे पहले यहां बजरंगबली का अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद सुबह 5 बजे आरती की गई, फिर भक्तों ने अपने आराध्य के दर्शन कर पूजा अर्चना की। दूसरी आरती सुबह 8 बजे की हुई। इस दौरान शुद्ध देसी घी से बनी सात क्विंटल बूंदी का भोग लगाया गया, जो भक्तों में प्रसादी के रूप में वितरित की हुआ। इस दौरान मंदिर में सुंदर कांड का आयोजन भी किया गया। इस दौरान मंदिर को फूलों से सजाया गया।
हिंदू महासभा ने सुंदरकाण्ड किया वितरित
अखिल भारत हिंदू महासभा ने चामुंडा धाम कोटेश्वर पर दो दिवसीय श्री हनुमान जयंती समारोह में हिंदू महासभा के डॉ जयवीर भारद्वाज, रामबाबू सेन, घनश्याम राठौर, पंडित विवेक शास्त्री ने सुंदर काण्ड पुस्तकों का वितरण कर हर घर में शास्त्र और शस्त्र के लिए किया। बड़ी संख्या में हनुमान चालीसा का पाठ, एवं भजनों का आयोजन में भाग लिया। 
सुंदरकांड पाठ के साथ हनुमानजी का हुआ श्रंगार
हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गरगज के हनुमानजी का भव्य श्रंगार किया गया। गरगज हनुमानमंदिर पर प्रात: 5 बजे हनुमान जी महाराज का जन्म उत्सव आरती के साथ प्रारंभ हुआ। उसके बाद हनुमान जी का रुद्र अभिषेक किया गया। भजन व सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इसके साथ ही महाप्रसाद का वितरण किया गया। उपरोक्त जानकारी गरगज के हनुमान मंदिर के व्यवस्थापक महंत पूर्णानंद शर्मा के द्वारा दी गई।                             
जगह-जगह हुआ भंडारों का आयोजन
हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर मंदिरों के साथ-साथ गली- मोहल्लों में भी भंडारों का आयोजन किया गया। इनमें हजारों भक्तों नेप्रसादी ग्रहण किया। बहोड़ापुर स्थित बालाजी धाम मंदिर और गोलपाड़ा स्थित संकटमोचन बालाजी मंदिर में खास आयोजन किए गए।
अंचल में भी हनुमान जन्मोत्सव की धूम
अंचल के प्रसिद्ध मंदिर धुंआ के हनुमानजी पर मेले जैसी धूम रही इसी प्रकार ददरौआ धाम के डॉक्टर हनुमानजी, जौरासी हनुमानजी, खेड़ापति हनुमानजी, मंशापूर्ण हनुमानजी गरगजके हनुमानजी आदि मंदिरों पर भंडारे के साथ आकर्षक सजावट की गई है। यहां भोर के साथ ही भक्तों की भीड़ लगने वाली है, इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने भी विशेष दिशा निर्देशों के साथ मोर्चा संभाला हुआ है।
सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम 
हनुमान जन्मोत्सव पर शनिवार को शहर में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं। शहर व देहात के प्रमुख मंदिरों पर 700 के लगभग जवानों की तैनाती की गई थी। खरगोन की घटना के बाद विशेष एहतियात बरती गई। पुलिस की नजर हनुमान जन्मोत्सव पर निकलने वाले चल समारोह व भंडारों पर रही। एसएसपी अमित सांघी ने एएसपी व नगर पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करने के लिए निर्देशित किया था। जिन थाना क्षेत्रों में प्रमुख हनुमान मंदिर हैं, वहां बल के साथ थाना प्रभारी मौजूद रहें। शहर में प्रमुख मार्गों व संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग प्वाइंट लगाये गए। संवेदनशील क्षेत्रों में खुफिया एजेंसियों अलर्ट रहीं। एसएसपी ने दावा किया है कि शहर में आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा के इंतजाम किये गये है।