फसल की रखवाली कर रहे चाचा भतीजे को दो बाइक सवारों ने गोली मारी

Apr 15 2022

ग्वालियर। घाटीगांव सिमरिया टांका में जंगल किनारे खेतों की रखवाली कर रहे चाचा-भतीजे को बदमाशों ने गोली मार दी है। दोनों के पैर में गोली लगी है। हमलावर अचानक उनके खेत में घुस आए, जब चाचा-भतीजे ने उनका विरोध करते हुए नाम पूछा तो उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दो गोली चाचा-भतीजे को लगी हैं। घटना सिमरिया टांका की है। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई।
बदमाश जंगल में कहीं गायब हो गए। घायलों को ग्वालियर शहर जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर है। गोलियां मारने वाले बदमाश कौन थे और उन्होंने गोलियां क्यों मारी यह अभी तक रहस्य बना हुआ है। बदमाशों ने गोलियां मारने के बाद यह जरूर कहा था यही हमारी पहचान है।
घाटीगांव सिमरिया टांका निवासी इस्लाम खान (39) व शाहरुख खान (25) चाचा-भतीजे हैं। गत रात वह खाना खाने के बाद गेहूं की रखवाली करने के लिए खेत पर आए थे। रात करीब 1 बजे के लगभग दो युवक आए और उनके खेत के पास ही खड़े हो गए। बाइक सवारों के रुकने पर इस्लाम व शाहरुख खान ने उन्हें आवाज लगाकर परिचय पूछा तो बाइक सवारों ने उन पर गोली चला दी। गोली चाचा-भतीजे के पैर में लगी। गोलियां चलाने के बाद हमलावर बोले-यही हमारी पहचान है। इसके बाद वह भाग गए। गोलीबारी की सूचना मिलते ही आसपास के खेत के लोग व गांव के लोग वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना का पता चलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल चाचा-भतीजे को उपचार के लिए जेएएच में भर्ती कराया।
खेत में घुसकर गोली मारने वाले और हमले का कारण अभी तक अज्ञात है। यही कारण है कि पुलिस घटना को संदेह की नजर से देख रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि घटना के बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जिससे वास्तविक घटना का पता चल सके। गांव के लोगों का मानना है कि जिस तरह से बदमाशों ने टोकने (परिचय पूछने) पर गोलियां चलाई हैं, वे लुटेरे या डकैत भी हो सकते हैं। पुलिस इस आधार पर भी हाइवे व जंगल में सर्चिंग कर रही है।
थाना प्रभारी घाटीगांव शैलेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि दो युवक गोली के छर्रे लगने से घायल हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।