मुरैना के सतीश गुर्जर को 500ग्राम स्मैक के साथ दबोचा

Apr 14 2022

ग्वालियर। नशे के खिलाफ मुहिम में क्राइम ब्रांच व मुरार थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुरैना जिले के सतीश गुर्जर को 500 ग्राम स्मैक के साथ गौशाला तिराहे के पास मुरार से पकड़ा है। आरोपी ने शुुरुआती पूछताछ में स्मैक उत्तरप्रदेश के मैनपुरी से लाना बताया है। आरोपी फुटकर में नशेडिय़ों को बेचने वालों को स्मैक सप्लाई करता था। आरोपी के स्थानीय नेटवर्क को पकडऩे के लिए पुलिस ने होमवर्क करना शुरू कर दिया है। 
एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि कुछ दिन पहले सूचना मिली थी कि बानमोर जिला मुरैना का एक युवक उत्तरप्रदेश से स्मैक लाकर शहर में बेचता है। इस सूचना पर सतीश गुर्जर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिये एएसपी क्राइम राजेश दंडौतिया व उनकी टीम को लगाया था। आरोपी के स्मैक की तस्करी किये जाने की तस्दीक होने के बाद उसे माल के साथ शहर में पकडऩे की योजना बनाई गई। सूचना मिली कि संदेही स्मैक लेकर शहर में आया है। और वह एसएलपी कालेज के आसपास ग्राहक का इंतजार कर रहा है। संदेही काले रंग की पेंट व काले रंग की शर्ट पहने हुए हैं। और उसके हाथ में काले रंग की पिट्टू बैग है।
डीएसपी क्राइम रत्नेश तोमर, विजय भदौरिया क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव व मुरार थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव के नेतृत्व में दो टीमें गठित कर आरोपी को पकडऩे के लिए भेजा गया। एसएलपी कालेज से कुछ ही दूरी पर गोशाला तिराहे पर स्ट्रीट लाइट के नीचे एक संदेही युवक खड़ा नजर आया। पुलिस ने तीनों साइड से तिराहे से घेराबंदी कर बानमोर जिला मुरैना निवासी सतीश पुत्र साहब सिंह गुर्जर को पकड़ लिया। आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर 500 ग्राम स्मैक बरामद की। पुलिस ने स्ट्रीट लाइट के नीचे ही बैठकर आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उससे उगलवाने का प्रयास कर रही है कि वह कब से स्मैक की तस्करी कर रहा है। आरोपी ने उससे स्मैक खरीदने वालों के नाम भी उगल दिये है। पुलिस अब इन लोगों को स्मैक के साथ पकडऩे की योजना बना रही है।