दस मिनट में वाहन चोरी, तीस मिनट में गिरवी रख देता था चोर

Apr 11 2022

ग्वालियर। दस मिनट में वाहन चोरी कर तीस मिनट में गिरवी रखने वाला चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पकड़े गए चोर से पूछताछ के बाद पुलिस ने साढ़े तीन लाख रुपए के चोरी के सात वाहन बरामद किए हैं। पुलिस अब पकड़े गए चोर से पूछताछ में जुट गई है। वहीं पता चला है कि कुछ समय से बाइक चोर चोरी किए गए वाहनों को कटवा रहा था। अब पुलिस पता लगा रही है कि उसने कितने वाहन कटवाए हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी राजीव गुप्ता ने बताया कि पुलिस चेकिंग के दौरान सूर्य नारायण मंदिर तिराहा दौलतगंज से एक वाहन चोर को दबोचा है। जिससे पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी के सात वाहन बरामद किए हंै। जिसमें पांच एक्टिवा और दो बाइक हैं। पुलिस पूछताछ कर उससे अन्य वारदातों का पता लगा रही है।
पुलिस ने जब पकड़े गए चोर से पूछताछ की तो उसने अपना नाम माहिद निवासी थौराट की गोठ बताया है। साथ ही बताया कि वह ऑटो चलाता है और लश्कर के बाजारों में खड़ा होकर रैकी करता था और मौका मिलते ही वाहन चोरी कर ले जाता था।
पड़ताल में पता चला है कि पकड़े गए वाहन चोर का एक चाचा समी जिलाबदर है और दो चाचा छोटू व डब्बू सटोरिए हैं और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
चोरी के वाहन को लेकर वह किसी भी इलाके में चला जाता था और मौका लगते ही किसी के पास भी गिरवी रख देता था। कुछ वाहन उसने कबाडिय़ों को बेचे हैं, जिन्हें उन्होंने काट दिया है।