एक्टिवा सवार दो तस्करों से 10 लाख की स्मैक पकड़ी

Apr 08 2022

ग्वालियर। एक्टिवा में स्मैक लेकर जा रहे दो तस्करों को मुरार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक्टिवा की डिक्की की तलाशी ली तो उनके पास से 101.5 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई जाती है। तस्करों से एक्टिवा, तौल कांटा, पीतल का खलबट्टा जप्त किया गया। नशे के सौदागरों से पता लगा है कि इनके टारगेट शहर के युवा होते थे। उनसे आसानी से स्मैक की अच्छी कीमत मिल जाती थी और कोई झंझट नहीं होता था। निबुआपुरा में जहां से स्मैक पकड़ी गई है वहां स्मैक खरीदने आने वालों के लिए कोड रखा गया था उनको कहना था सफेद चूरन इसके बाद उन्हें माल दिया जाता। पर उससे पहले ही पुलिस ने दबिश देकर तस्करों को धर लिया। पूरा माल तस्कर यूपी के औरेया से लेकर आए थे।
एसएसपी अमित सांघी को मुखबिर से खबर मिली कि नशे की सौदागरी करने वाले तस्कर मुरार के निबुआपुरा से खुरैरी की तरफ अवैध मादक पदार्थ की खेप लेकर निकलने वाले हैं। इस पर एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया को तस्करो को पकडऩे की जिम्मेदारी सौपी गई। जिस पर थाना प्रभारी मुरार शैलेन्द्र भार्गव के नेतृत्व में टीम तस्करों की तलाश मे जुट गई। पुलिस को बड़ागांव चौकी के पास आर्मी केंट एरिया की तरफ से एक काले रंग की स्कूटी आते हुए दिखी, जिन्हे पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किया तो उन्होने स्कूटी लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम द्वारा उन्हे धरदबोचा। पकड़े गये दोनों संदिग्ध व्यक्ति की बारी-बारी से तलाशी लेने पर एक तस्कर के पास से एक सफेद रंग की पालीथिन में स्मैक रखी हुई मिली तथा दूसरे तस्कर की तलाशी लेने पर उसके लोअर की दाहिनी जेब में स्मैक रखी हुई मिली। इस प्रकार पकड़े गये दोनों तस्करों के पास से कुल 101.5 ग्राम स्मैक मिली। जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए से अधिक है। तस्करों की पहचान जसवीर सिंह गुर्जर निवासी मालनपुर, विनोद बाथम निवासी नदीपार टाल के रूप में हुई है। इनसें पूछताछ की जा रही है।
पकड़े गये स्मैक तस्करों से पूछताछ में पता चला कि वह यूपी औरेया से स्मैक लाकर उसकी 200 से 300 रुपए में पुडिया बनाकर बेचा करते थे। पकड़े गये आरोपी के खिलाफ थाना मुरार में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर उससे स्मैक के संबंध मे सख्ती से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने जब पूछताछ की तो पता लगा कि यह गिरोह सात सदस्यीय है। इनके तीन साथी अभी जेल में हैं। वह कुछ दिन पहले सिरोल थाना इलको में झगड़े के बाद पकड़े गए थे। जिस कारण अभी जेल में हैं। दो यह पकड़े गए हैं और दो अन्य साथी फरार है।