मंदिरों में भक्तों की भीड़, देवी मां दे रहीं आशीर्वाद

Apr 07 2022

ग्वालियर। गुरुवार को नवरात्रि पर्व का छटवां दिन था। मंदिरों में सुबह से ही दूर-दराज और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मंदिरों में आ रहे हैं। सबसे ज्यादा भीड़ शहर से लगे प्राचीन मंदिरों में देखी जा रह है। यहां लोग अपने साधन जैसे ट्रेक्टर-ट्रॉली में परिवार समेत आ रहे हैं। कई भक्त तो रात से कई किलोमीटर दूर से पैदल ही पूरे भक्ति-भाव से मंदिर में आ रहे हैं। यह इसलिए कि देवी मां उनकी मन्नत पूरी कर सकें। 
गुरुवार सुबह शहर के कई देवी मंदिर जैसे नई सड़क स्थित पहाडय़ वाली माता, पुराना हाईकोर्ट रोड स्थित काली माता मंदिर, महलगांव स्थित करौली माता मंदिर, झांसी रोड स्थित वैष्णों माता मंदिर, भेलसे वाली माता मंदिर बहोड़ापुर, मांढरे की माता कैंसर पहाड़ी मंदिर, नहर वाली माता मंदिर समेत शहर के  कई मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ था। 
बता दें कि कोरोना में दो साल से मंदिर बंद थे और नवरात्र में भी भक्त पूजा-अर्चना नहीं कर पाए थे, अब कोरोना महामारी का प्रकोप नहीं है तो ग्वालियर अंचल के लोग मंदिरों में देवी मां की आराधना कर रहे हैं। खास बात यह है कि मंदिर में आने वाले सबसे ज्यादा युवा वर्ग देखे जा रहे हैं। बता दें कि दो अप्रैल से चैत्र नवरात्र शुरू हुई थी। इसी के साथ हिंदू नववर्ष का भी प्रारंभ हुआ है। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन से लेकर अब तक शहर और देहात के देवी मंदिरों में सुबह से रात तक पूजा-अर्चना की जा रही है।
श्रद्धालुओं की लंबी लाइन देवी मां के मंदिर के बाहर लगी हुई है। भक्तगण मां दुर्गा के जयकारे लगा रहे हैं। नवरात्रि के नौ दिन माता रानी के नौ रूपों की पूरे विधि विधान के साथ पूजा की जाती है। माता रानी का आशीर्वाद पाने के लिए और उनकी भक्ति में भक्तगण उपवास भी रख रहे हैं।
सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात
मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस की व्यवस्था तैनात की गई है। शीतला माता मंदिर सांतऊ और अन्य प्राचीन मंदिरों में पुलिस जवान बेरीकेड के साथ व्यवस्था को बनाने में लगे हुए हैं। इधर जिला प्रशासन ने भी मंदिर व्यवस्थापकों से चर्चा कर सहयोग की अपील की है।