खेत की मेड़ पर सो रहे मासूम को ट्रेक्टर ने कुचला, मौत

Apr 07 2022

ग्वालियर। खेत की मेड़ पर सो रहे एक सात साल के मासूम को लापरवाह ट्रेक्टर चालक कुचल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेलगढ़ा थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। 
थाने से मिली जानकारी के मुताबिक हरसी गांव निवासी राम सिंह आदिवासी और उसके अन्य परिजन खेत पर गेहूं की फसल को इकट्ठा कर रहे थे। उनका सात साल का मासूम बच्चा मोनू उर्फ पुष्पेन्द्र आदिवासी खेत की मेड़ पर ही सो गया। इस दौरान एक ट्रेक्टर चालक वहां से निकला तो उसने ट्रेक्टर का एक पहिया मेड़ पर सो रहे मासूम पर चढ़ा दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
इधर आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मर्ग कायम कर लिया। मासूम की मौत से आदिवासी परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर अज्ञात ट्रेक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।