डाक्टर के सूने मकान से चांदी के बर्तन सहित एक लाख का माल चोरी

Apr 04 2022

ग्वालियर। मामा के बाजार में डाक्टर रामगोपल त्रिपाठी के मकान के चोरों ने रात को ताले तोड़ दिए। चोर सूने घर में से चांदी के बर्तन सहित एक लाख रुपये की कीमत का माल चोरी कर ले गए। डा. त्रिपाठी कुछ दिनों से बेटी के पास भोपाल गए हैं। पड़ोसी ने मकान में चोरी होने की सूचना दी। फिलहाल माधवगंज थाना पुलिस को चाचा के घर में चोरी होने की सूचना अभिषेक त्रिपाठी ने दी है। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
मामा के बाजार निवासी रामगोपाल त्रिपाठी बेटी से मिलने के लिए भोपाल गए हैं। मकान पर ताला लगा हुआ था। सोमवार की सुबह पड़ोसी की नजर मुख्य दरवाजे पर पड़ी। ताला टूटा हुआ था। और दरवाजा आधा खुला हुआ था। पड़ोसियों ने सूने मकान का ताला टूटे होने की सूचना सुबह ही उन्हें दी। उन्होंने तत्काल भतीजे अभिषेक त्रिपाठी को देखने के लिए भेजा। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी खुली हुई थी। सूने मकान के में चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस भी पड़ताल करने के लिए मौके पर पहुंच गई। भतीजे ने पुलिस को बताया कि अलमारी में चांदी के बर्तन व अन्य सामान रखा हुआ था, जो कि नजर नहीं आ रहा है। घर में से क्या-क्या सामान चोरी गया है वह तो चाचा ही भोपाल से लौटने के बाद बता पाएंगें। माधवगंज थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने चोरों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिए हैं।