ट्रांसपोर्ट नगर में कबाडिय़ों के यहां छापा मार पुलिस ने जब्त किए 5 इंजन व एक चैचिस

Apr 02 2022

ग्वालियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी द्वारा ग्वालियर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिये मुखबिर तंत्र विकसित कर कबाडिय़ों की दुकानों पर उपलब्ध वाहनों की तस्दीक करने हेतु निर्देशित किया गया। उसी क्रम में एएसपी यातायात अभिनव चौकसे ने थाना बहोड़ापुर क्षेत्र में स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में कबाडिय़ों की दुकानों पर कार्यवाही करने के लिये क्राईम ब्रांच व थाना बहोड़ापुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
क्राईम ब्रांच व थाना बहोड़ापुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर में राजू कबाड़ी सहित अन्य कबाडिय़ों के ठिकानों पर दबिस दी गई। पुलिस टीम को दबिश के दौरान राजू कबाड़ी के गोदाम पर ट्रकों के तीन इंजन तथा एक वाहन का चैचिस मिला, जिनके दस्तावेज के संबंध में पूछताछ के दौरान उसके द्वारा उक्त वाहनों के संबंध में कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। जिस पर थाना बहोड़ापुर पुलिस द्वारा चोरी के संदेह में तीन इंजन तथा एक वाहन के चैचिस को जप्त कर बहोड़ापुर थाना पुलिस ने राजू के खिलाफ चोरी के वाहन काटने के संदेह का मामला दर्ज किया है।
इसी क्रम में ट्रांसपोर्ट नगर में अन्य कबाड़ी के गौदाम पर भी दबिश दी गई तो कुछ लोग वाहन काटते दिखे जो पुलिस टीम को देखकर भाग गये। पुलिस टीम को मौके पर से एक कार व एक सफारी कार का इंजन व वाहन कटाने में प्रयुक्त औजार मिले जिन्हे जप्त कर गौदाम मालिक के खिलाफ थाना बहोड़ापुर में प्रकरण दर्ज किया गया।