एटीएम ब्रेक करने से पहले चार लुटेरे पकड़े अब की बार जबलपुर, पन्ना और कटनी थे निशाने पर

Apr 01 2022

ग्वालियर। एक ही रात में तीन एटीएम को गैस कटर से काटकर आधा करोड़ रुपए पार कर ले जाने वाले चार लुटेरों को क्राइम ब्रांच ने जौरासी घाटी पर घेराबंदी कर पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों से क्राइम ब्रांच ने एटीएम ब्रेक करने का सामान बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों ने 19-20 फरवरी की रात महाराजपुरा, ग्वालियर और पड़ाव में हुई वारदात करना स्वीकार कर लिया है। अभी वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाश फरार हंै। जबकि मास्टर माइण्ड को क्राइम ब्रांच व मुरैना पुलिस ने पूर्व में ही पकड़ लिया था।
एएसपी राजेश डंडोतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि शहर में एटीएम गैस कटर से काट कर वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरे किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहे हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच की तीन टीमों को बदमाशों की घेराबंदी के लिए जौरासी घाटी पर तैनात किया और जब बदमाश घेरे में आ गए तो क्राइम ब्रांच ने उन पर अपना शिकंजा कस दिया। क्राइम ब्रांच से घिरते देखकर बदमाशों ने दौड़ लगाई, लेकिन पहले से ही अलर्ट क्राइम ब्रांच ने चार आरोपी दबोच लिए।
क्राइम ब्रांच द्वारा पकड़े गए बदमाशों की पहचान हरियाणा के नूह मेवात निवासी शहसुदद्ीन, आमिर, राशिद और मुबारक के रूप में हुई है। वहीं पता चला है कि उनके साथ दो अन्य बदमाश भी रैकी करने में शामिल हैं और एक आरोपी खुर्शीद पूर्व में ही हरियाणा से पकड़ा जा चुका है। वारदात में मूल रूप से तीन बदमाश शामिल थे, जबकि तीन बदमाश रैकी में शामिल थे।
पड़ताल में पता चला है कि पकड़े गए आरोपी पन्ना, जबलपुर और कटनी में वारदात को अंजाम देने जा रहे थे और पूर्व में वे वहां की रैकी भी कर आए थे। लेकिन इससे पहले ही क्राइम ब्रांच ने जौरासी घाटी पर दबोच लिया। 
क्राइम ब्रांच ने जब बदमाशों की बे्रजा कार की तलाशी ली तो कार से 90 एटीएम कार्ड, सीसीटीवी कैमरों को काला करने के लिए स्प्रे, मिर्ची स्प्रे, कटर, एलपीजी सिलेण्डर, ऑक्सीजन सिलेण्डर तथा अन्य सामान मिला है, जिसकी मदद से आरोपी वारदात को अंजाम देते हैं। 
इस मामले में एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि एटीएम ब्रेक कर वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के चार बदमाश हाथ लगे हंै। पकड़े गए आरोपियों ने फरवरी माह में महाराजपुरा, ग्वालियर और पड़ाव इलाके में वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य खुलासे हो सकते हैं।