एकाउंटेंट को लूटने वाले पांच पकड़े, एक फरार

Mar 31 2022

ग्वालियर। कट्टा अड़ाकर एकाउंटेंट व उसकी पत्नी से जेवर-नगदी लूटने वाले पांच लुटरों को आंतरी थाना पुलिस ने दबोचा है। जबकि इस गिरोह का एक अन्य साथी फरार है। पकड़े गए बदमाशों से लूटा हुआ सामान के साथ ही वारदात में प्रयुक्त बाइकें भी बरामद हो गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही पकड़े गए बदमाशों से अन्य वारदातों की पूछताछ में जुट गई है।
थाना प्रभारी आंतरी रमाकांत उपाध्याय ने बताया कि एकाउंटेंट व उसकी पत्नी से लूट करने वाले पांच बदमाशों को दबोचा है। पकड़े गए बदमाशों का एक साथी अभी फरार है। पूछताछ के बाद वारदात में प्रयुक्त बाइक, आठ हजार रुपए के साथ ही कुछ अन्य सामान रिकवर किया है। जबकि मंगलसूत्र व कुछ रुपए फरार आरोपी पर हंै। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। वहीं पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि इस वारदात के अलावा उन्होंने और कौन-कौन सी वारदातों को अंजाम दिया है। 
वारदात के बाद पुलिस ने हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के आने और जाने के सभी स्थानों से फुटेज उठाए और फरियादी से वैरीफाई कराए तो एक स्थान पर बदमाशों के फुटेज के साथ ही बाइक का नंबर सीसीटीवी के फुटेज में मिला। इसके बाद पुलिस ने रूट के कैमरे चेक करते हुए डबरा पहुंची और एक आरोपी को दबोचा तो उससे अन्य की पहचान हो गई। 
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों की पहचान नाम मोनू कुशवाह, रामौतार माहौर, आकाश यादव, जीतू कुशवाह और संदीप कुशवाह के रूप में हुई हंै। वहीं फरार आरोपी का नाम विकास बताया है। आरोपियों ने पूछताछ के बाद एकाउंटेंट से लूट करना स्वीकार करते हुए लूटा गया सामान बरामद कराया है।
डबरा निवासी भूपेन्द्र कुशवाह बीएड कॉलेज में एकाउंटेंट है और बीती 11 मार्च को वह पत्नी को लेकर अपने घर डबरा जा रहे थे। अभी वह आंतरी हाइवे पर पहुंचे ही थे कि तभी दो बाइकों पर आए आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका और कट्टा अड़ाकर एकाउंटेंट व उसकी पत्नी से नगदी बीस हजार रुपए, मंगलसूत्र तथा मोबाइल के साथ ही अन्य सामान लूट ले गए। वारदात के बाद बाइक सवार बदमाश भाग निकले और मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की सर्चिंग की, लेकिन वह हाथ नहीं आए।