नकाबपोश बदमाशों ने छात्रा का गला काटा

Mar 30 2022

ग्वालियर। मार्केट से सब्जी लेकर आ रही छात्रा पर बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हथियार छात्रा के गर्दन पर लगा है। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के लखमीपुर मस्जिद के पास की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम निवासी दीक्षा दुबे पुत्री राजीव दुबे मेडिकल की पढ़ाई चीन से कर रही है। कोरोना संक्रमण के चलते वह ग्वालियर से ही ऑनलाइन पढ़ाई कर रही है। वह घर से सब्जी लेने गई थी। सब्जी लेने के बाद वह वापस घर जा रही थी। अभी वह लखमीपुर मस्जिद के पास पहुंची ही थी कि तभी एक बाइक पर तीन नकाबपोश आते दिखे, उन्हें आते देखकर छात्रा सड़क किनारे हो गई और जैसे ही बाइक सवार उसके पास पहुंचे, पीछे बैठे युवक ने उसे धारदार हथियार मारा, जो उसके गले पर लगा। 
नकाबपोश बाइक सवारों को देखकर छात्रा पहले से अलर्ट थी तो जैसे ही बदमाश ने हमला किया तो वह पीछे की तरफ हट गई, जिससे चाकू उसकी गर्दन पर लगा और अगर वह अलर्ट नहीं होती तो चाकू से उसका गला कट जाता। 
वारदात के बाद बाइक सवार कब्रिस्तान की तरफ भाग निकले। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद घायल छात्रा को उपचार के लिए भर्ती कराकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का मानना है कि बदमाश लुटेेरे हो सकते हैं, जिन्होंने लूट के प्रयास के लिए हमला किया हो सकता है।
इस बारे में टीआई महाराजपुरा पीएस यादव ने कहा कि घायल छात्रा की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बदमाशों की तलाश के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।