बेखौफ होते बदमाश: व्यवसायी के गले पर तलवार अड़ाई, कार भी तोड़ी

Mar 30 2022

ग्वालियर। शॉप बंद कर घर जा रहे व्यवसायी का रास्ता चार बदमाशों ने रोक लिया और जब व्यवसायी ने उनसे रास्ता मांगा तो बदमाशों ने उनके गले पर तलवार रख दी और जान से मारने की धमकी दे दी। घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के तारागंज में बीती रात की है। इसके बाद बदमाशों ने कार में तलवार मार कर कांच तोड़ दिए। किसी तरह वहां से बचकर आए व्यवसायी ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शिकायत करने के लिए थाने पहुंचे। 
समाधिया कॉलोनी निवासी गोपी गुलयानी पुत्र भगवान दास गुलवानी व्यवसायी है और उनकी सिटी सेंटर में आनंद मेट्रो के नाम से सुपर बाजार है। रोजाना की तरह बीती रात करीब सवा 11 बजे वह सुपर बाजार का काम खत्म कर अपनी कार से घर जा रहे थे। अभी वह तारागंज में पहुंचे ही थे कि वहां पर चार युवक हाथों में तलवार लेकर बीच सड़क पर खड़े थे, जिससे उनकी कार नहीं निकल सकती थी। 
गोपी गुलवानी ने निकलने के लिए हॉर्न बजाया तो युवक उनके पास पहुंचे और गले पर तलवार रख दी। गले पर तलवार गले पर देख व्यवसायी के होश उड़ गए और वह कुछ कहते उससे पहले ही बदमाश ने धमकी दे दी। तभी एक अन्य युवक ने तलवार से उनकी कार के कांच तोड़ डाले। 
बदमाशों के तेवर देखकर व्यवसायी के होश उड़ गए और मौका मिलते ही कार को गति देकर भागे और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी नहीं मिले। इसके बाद पीडि़त परिजनों के साथ थाने पहुंचे और मामले की शिकयत की। पहले तो पुलिस उनकी शिकायत दर्ज नहीं कर रही थी, लेकिन दबाव बनाया तो पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। 
घटना की रिपोर्ट करने जब गोपी गुलवानी जनकगंज थाने पहुंचे तो एफआईआर दर्ज करना तो दूर पुलिस उनकी बात ही सुनने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद ऊपर तक जब घंटी बजाई गई तो पुलिस ने कारोबारी की बात सुनी और केस दर्ज किया।
टीआई जनकगंज डॉक्टर संतोष सिंह यादव नेबताया कि व्यवसायी की शिकायत पर धमकी और तोडफ़ोड़ का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।