नगर निगम एवं जनता की सहभागिता का अनुपम उदाहरण है यह गौशाला-सुश्री उषा ठाकुर

Mar 30 2022

ग्वालियर। प्रदेश सरकार की पर्यटन संस्कृति एवं आध्यात्मिक मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने ग्वालियर प्रवास के दौरान नगर निगम ग्वालियर द्वारा संचालित की जा रही लाल टिपारा आदर्श गौशाला का अवलोकन किया तथा गौशाला की व्यवस्थाओं को देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह गौशाला अद्भुत और अद्वितीय है सभी बड़े शहरों में इसी प्रकार की गौशालाओं के संचालन की आवश्यकता है। 
नगर निगम ग्वालियर द्वारा संचालित गौशाला का भ्रमण प्रदेश सरकार की पर्यटन संस्कृति एवं अध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने किया। इस अवसर पर निगमायुक्त किशोर कन्याल एवं गौशाला का प्रबंधन देख रहे कृष्णायन गौशाला के महंत ऋषभआनंद महाराज उपस्थित रहे। 
गौशाला की विभिन्न व्यवस्थाओं को देखकर पर्यटन मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि इतनी बड़ी और व्यवस्थित गौशाला का संचालन करना बहुत ही सराहनीय कार्य है अन्य बड़े शहरों में भी इसी प्रकार से गौशालाओं का संचालन हो, इस पर सरकार विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति की रीढ़ है इसकी सेवा से भाग्य एवं भविष्य बदलते हैं। सौभाग्यशाली हैं वह भाई-बहन जो गौ सेवा में संलगन है। 
नगर निगम एवं जनता की सहभागिता का अनुपम उदाहरण है यह गौशाला इसे श्रेष्ठ उदाहरण मानते हुए कार्य करना होगा। गौशाला को पर्यटन से जोड़ा जाएगा। गौशाला के विकास के लिए हर संभव कार्य किया जाएगा। गाय के प्रति समाज के सभी वर्गों को सकारात्मक एवं सहयोगी होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जो गाय की सेवा करता है, वह सच्चा राष्ट्रभक्त है। भ्रमण के दौरान पर्यटन मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि इंदौर में भी इसी प्रकार से बृहद गौशाला का संचालन नगर निगम इंदौर द्वारा किया जाए इसको लेकर चर्चा की जाएगी। 
भ्रमण के दौरान निगमायुक्त श्री कन्याल ने पर्यटन मंत्री सुश्री उषा ठाकुर को गौशाला में चलाए जा रहे विभिन्न प्रकल्प ओं के बारे में जानकारी दी तथा उन्होंने बताया कि गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गौशाला में सीएनजी प्लांट तैयार किया जा रहा है जिससे जहां एक और गौशाला आत्मनिर्भर बनेगी वही नगर निगम के वाहन डीजल के बजाय सीएनजी से चलेंगे जिससे प्रदूषण भी कम होगा। 
इसके साथ ही निगमायुक्त श्री कन्याल ने बताया कि गौशाला में गौ माता की सेवा के लिए 20 चिकित्सकों की टीम एवं दो एंबुलेंस निरंतर उनकी सेवा में लगी रहती हैं। इसके साथ ही अन्य प्रकल्पों के बारे में भी जानकारी दी।