पुलिस ने गांजा तस्कर पकड़ा, 1 लाख 64 हजार का 16 किलो से अधिक गांजा बरामद किया

Mar 30 2022

ग्वालियर। पड़ाव थाना पुलिस ने प्लेट फार्म नंबर एक के बाहर संदिग्ध हालत में घूम रहे गांजा तस्कर को दबोच लिया। आरोपी के पास से पुलिस को 16 किलो चार सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ है। बरामद गांजे की कीमत 1 लाख 64 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी गांजे को चैन्नई से लाना बता रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पड़ाव थाना प्रभारी विवेक अष्ठाना को सूचना मिली कि ग्वालियर के प्लेटफार्म क्रमांक एक पर एक गांजा तस्कर खड़ा है और कहीं जा रहा है। उसके पास भारी मात्रा में गांजा है। टीआई ने आरपीएफ टीम से समन्वय किया और टीम को प्लेटफार्म नंबर एक पर भेजा। टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर जाकर देखा तो एक संदिग्ध युवक ट्राली बैग लेकर खड़ा था। पुलिस टीम जैसे ही युवक की तरफ बढ़ी तो वह भागने लगा। पुलिस ने युवक को दबोच लिया। जब उसके ट्राली बैग की तलाशी ली तो बैग में 4 पैकेट मिले। जब उन्हें खोलकर देखा तो उसमें गांजा भरा हुआ था। आरोपी ने पुलिस टीम को बताया कि वह गाजियाबाद का रहने वाला है। आरोपी से बरामद गांजे की कीमत 1 लाख 64 हजार रुपये आंकी गई है। 
थाना पड़ाव पुलिस द्वारा पकड़े गये तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से गांजा जप्त किया गया। तस्कर से गांजा लाने तथा बेचने के सबंध में पूछताछ की जा रही है। थाना पड़ाव में पकड़े गये आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस का प्रकरण पंजीबद्व कर विवचेना में लिया है। 
एसएसपी अमित सांघी ने कहा कि गांजे की खेप के साथ तस्कर को पकड़ा है। पकड़े गए तस्कर से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपी भी पकड़े जाएंगे।