केन्द्र सरकार के खिलाफ ट्रेड यूनियनों की हड़ताल, सेवाएं बाधित

Mar 28 2022

ग्वालियर। केंद्र सरकार की नीतियों के विरूद्ध सेंट्रल ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मोर्चे ने देशभर में सोमवार और मंगलवार 29 मार्च को बंद का आह्वान किया है। भारत बंद की वजह से दो दिन बैंकों का कामकाज ठप्प रह सकता है। जिससे बैंक के ग्राहकों को दो दिनों तक कई कठिनाईयों का सामना्र भी करना पड़ सकता है। सोमवार को ग्वालियर में भी हड़ताल होने से इसका व्यापक प्रभाव देखा गया। बैंकों के प्राइवेटाइजेशन, श्रम संहिता, राष्ट्रीय मौद्रीकरण पाइपलाइन (एनएमपी), मनरेगा के तहत मजदूरी आवंटन के दिनों बढ़ाने और ठेका श्रमिकों को नियमित करने की मांग सहित अन्य सरकारी फैसलों के विरोध में अलग-अलग ट्रेड यूनियनों ने बैंकों को बंद करने का ऐलान किया था। 
एक बैंक अधिकारी के अनुसार इस हड़ताल के साथ ही लगातार चार दिनों तक बैंक बंद हो गए हैं। 26 और 27 मार्च को शनिवार और रविवार होने के कारण बैंक बंद रहे और अब हड़ताल के कारण दो दिन तक बैंक में कामकाज नहीं होगा। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार सुबह फूलबाग चौराहे पर सीटू के आव्हान पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और संयुत किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में कैन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इधर महाराज बाड़ा पर मुख्य पोस्ट आफिस के बाहर अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ गु्रप-सी के सदस्यों ने भी कार्य से दूरी बनाई और विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा दूरसंचार, आयकर और बीमा क्षेत्र समेत अन्य क्षेत्र भी प्रभावित रहे।