ग्वालियर में जल्द होगा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच-सिंधिया

Mar 27 2022

ग्वालियर। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री एवं मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमेन ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमी जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच के साक्षी बनेंगे। ग्वालियर में निर्माणाधीन अत्याधुनिक स्टेडियम अगले 10 से 11माह के भीतर तैयार हो जाएगा। इसके बाद मध्यप्रदेश के कोटे का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच ग्वालियर में खेला जाएगा। श्री सिंधिया ग्वालियर डिवीजन एवं चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशनस की एजीएम (वार्षिक साधारण सभा)  को संबोधित कर रहे थे।
रविवार को यहाँ एमआईटीएस के सभागार में आयोजित हुई साधारण सभा की संयुक्त बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने दोनों क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों से कहा कि क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रभावी ढंग से क्रिकेट कैंप आयोजित करें। उन्होंने कहा  जड़ मजबूत होने पर ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट तक पहुँचा जा सकता है। श्री सिंधिया ने कहा खुशी की बात है मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने पिछले दो साल में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वेंकटेश अय्यर व आवेश खान अंतर्राष्ट्रीय खिलाडिय़ों में शामिल हो गए हैं और वर्तमान में आईपीएल   में खेल रहे हैं। ग्वालियर व चंबल डिवीजन के क्रिकेट खिलाडिय़ों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा वैश्विक महामारी कोविड की वजह से खेल गतिविधियाँ भी कठिन दौर से गुजरी हैं। अब फिर से स्वतंत्र वातावरण में क्रिकेट खिलाड़ी अपने उत्क्रष्ट प्रदर्शन के लिए उत्सुक हैं। क्रिकेट एसोसिएशन खिलाडिय़ों को हर संभव मदद करेगी। श्री सिंधिया ने सदस्यों को भरोसा दिलाया कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा और श्रेष्ठतम खिलाड़ी ही टीम में शामिल किए जाएँगे।
चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन की साधारण सभा की बैठक में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को सर्व सम्मति से एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। श्री सिंधिया ने कहा कि इस नई जिम्मेदारी पर खरा उतरने की वह पुरजोर कोशिश करेंगे और चंबल डिवीजन की क्रिकेट को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की जायेंगी। अभी तक प्रशांत मेहता चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष की जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे थे।
ग्वालियर एवं चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन की अलग-अलग बैठकों में प्रस्तावित वार्षिक कैलेंडर पर चर्चा हुई। साथ ही अगले साल के बजट का अनुमोदन किया गया। एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष प्रशांत  ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।