8 साल से अपहरण के मामले में फरार 10 हजार का इनामी पकड़ा

Mar 26 2022

ग्वालियर। 8 साल पहले हुए युवक के सनसनीखेज अपहरण और 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग करने वाले गैंग के मास्टर माइंड को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अपहरण करने वाली इंटरस्टेट गैंग का यह पहला सदस्य है जो पुलिस के हाथ लगा है। तीन आरोपी अभी और फरार है। बीते आठ साल से पुलिस इसकी तलाश में लगी थी।
ग्वालियर पुलिस की ओर से इस पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था। अपहरणकर्ता 8 साल बाद ग्वालियर लौटा था और पुलिस को भनक लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का एक साथी उत्तर प्रदेश के फतेहगढ़ में किसी ओर मामले में सजा काट रहा है और दो आरोपियों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
यह है पूरा मामला 
ग्वालियर एसएसपी अमित सांघी को मुखबिर के द्वारा सूचना मिली थी कि 8 साल पहले अपहरण और फिरौती के मामले में फरार 10 हजार रुपए के मुख्य इनामी बदमाश दीपक यादव को गोला का मंदिर क्षेत्र में देखा गया है। जिस पर एसएसपी ने क्राइम ब्रांच और गोला का मंदिर थाना पुलिस की टीम बनाकर आरोपी को पकडऩे के लिए भेजा। जब पुलिस पिंटो पार्क भिंड रोड पर पहुंची तो मुखबिर के द्वारा बताए गए हुलिए का आदमी दिखाई दिया। जिसकी घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम दीपक यादव निवासी उत्तर प्रदेश जिला जालौन का रहने वाला बताया। साथ ही उसने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि वर्ष 2014 में उसने और उसके तीन अन्य साथियों ने मिलकर राजेंद्र सिंह कुशवाह नाम के व्यक्ति का गोला का मंदिर क्षेत्र से अपहरण कर जिला जालौन उत्तर प्रदेश ले गया था और उसके परिवार से उसे छोडऩे के बदले में 10 लाख रुपए की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने अपहरण किए गए व्यक्ति को जालौन में बिना फिरौती दिए छुड़वा लिया था। पुलिस उस समय एक भी अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। जिसके बाद से मुख्य आरोपी दीपक यादव सहित उसके तीन साथी फरार हो गए थे। जिसके बाद एसपी ने आरोपियों पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया था। वही गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी का दूसरा साथी उत्तर प्रदेश के फतेहगढ़ में किसी अपराधिक मामले में जेल के अंदर सजा काट रहा है। जिसे लेकर पुलिस फतेहगढ़ पुलिस से संपर्क कर कार्रवाई में लगी हुई है। वही दो उसके साथियों का पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में फरार पहले मुख्य आरोपी को 8 साल के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 8 साल पहले पुलिस ने फिरौती दिए बिना अपहत किए गए व्यक्ति को छुड़ा लिया था। लेकिन एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। जिस पर एसपी ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था। इसका एक साथी उत्तर प्रदेश के फतेहगढ़ में किसी ओर मामले में सजा काट रहा है। वहीं पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है।