नगर में संतों का सानिध्य मिलना आपकी गुरु भक्ति का फल है-मुनिश्री

Mar 25 2022

ग्वालियर। जैन सिध्दक्षेत्र सोनागिर से पद विहार करते हुए शुक्रवार को ग्वालियर में  मुनिश्री विहर्ष सागर महाराज, मुनिश्री विजयेश सागर, मुनिश्री विनिबोध सागर महाराज एवं ऐलक विनियोग सागर महाराज ससंघ का गाजेबाजे के साथ भव्य मंगल प्रवेश शोभायात्रा निकाली गई।
जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि मुनिराजों का मंगल प्रवेश गुडग़ुडी का नाक से गाजेबाजे के साथ हुआ। मंगल प्रवेश यात्रा गुडग़ुडी से शुरू होकर मुख्य मार्गो से होते हुए मोर बाजार स्थित पटौदी परिवार के निवास तक हुआ। यात्रा के दौरान भक्तों ने जगह-जगह पर मुनिश्री के पाद प्रक्षालन कर आरती उतारी। मुनिश्री विहर्ष सागर महाराज संसघ मोर बाजार स्थित पटौदी परिवार के निवास पर पहुचे तो महिलाओं ने मंगल कलश से भव्य आगवानी की। 
मुनिश्री विहर्ष सागर महाराज ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नगर में संतों का आना आपकी गुरु भक्ति, आस्था का ही फल है। जो नित्य हर समय आपके यहां आपको गुरुओं का सानिध्य व गुरु वाणी सुनने को मिलती रहती है। यह आपका महान पुण्य का उदय चल रहा है। मुनिश्री विजयेश सागर महाराज ने कहा किसी ने लिखा है जिनके हाथों में लकीरें नही होती, उनका जीवन अधूरा होता है। लेकिन मैं कहता हूं जिनके सिर पर गुरु का हाथ हो तो उन्हें लकीरों की जरूरत नही पड़ती।