बैजाताल के तैरते रंगमंच पर मचल उठा ध्रुपद का वैभव
Mar 25 2022
ग्वालियर। बैजाताल के गाल पर गुलाल मलता सूरज पलक झपकते ही पश्चिम में ओझल हो गया, लेकिन आसमान से उतरती सलोनी शाम ने तिरछी आँखों से इस फागुनी अठखेली को निहार लिया। वह भी पूरी सज-धज के साथ उत्सव मनाना चाहती थी। सो फागुन की इस गोधुली में ध्रुपद के सुर खिल उठे। दरअसल ग्वालियर को संगीत नगरी का आलमी खिताब मिले, जिसका कि वह हकीकत में हकदार है, सो इसी के लिए बैजाताल पर एक शाम ध्रुपद के लिए सजाई गई थी। ध्रुपद केंद्र ग्वालियर के कलाकारों ने इस शाम को अपनी उत्कृष्ट गायकी से उरूज पर पंहुचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
केंद्र के कलाकारों में अनुजप्रताप सिंह, सुश्री यखलेश बघेल, सुदीप भदौरिया, आदित्य शर्मा ने राग पूरिया धनाश्री से गायन का आगाज किया। उन्होंने आलाप, मध्यलय आलाप और द्रुत लय आलाप से शुरु करके शूलताल में बंदिश पेश की। बैजू बाबरा द्वारा मृगनयनी के सौंदर्य की प्रशंसा में रची गई इस बंदिश के बोल थे-"सुंदर अति नवीन प्रवीण महा चतुर मृगनयनी।" इस बंदिश को इन कलाकारों ने पूरे कौशल के साथ गाया। ध्रुपद की डागर वाणी मुखर हो उठी। इन प्रस्तुतियों में पखावज पर ग्वालियर के जगतनारायण शर्मा ने संगत की। जबकि तानपुरे पर योगिनी तांबे एवं तेजस भाटे ने साथ दिया।
कार्यक्रम का समापन ध्रुपद केंद्र के गुरु एवं ध्रुपद गायक अभिजीत सुखदाने के गायन से हुआ। अभिजीत लंबे अरसे से खुद भी ध्रुपद है रहे हैं बल्कि नई पीढ़ी में ध्रुपद गायकी के संस्कार पैदा कर रहे है। उन्होंने राग वागेश्री में गायन की प्रस्तुति दी। आलाप ,जोड़, झाला से शुरू करके आपने गायकी के कई रंग भरे। उन्होंने चौताल में निबद्ध बंदिश पेश की-"आये रघुवीर धीर अयोध्या नगर को"। इसी राग में गायन को आगे बढ़ाते हुए आपने जलद शूलताल में निबद्ध बंदिश "दोनों करतार तुम राजकाज के" पेश की। आपके साथ पखावज पर जगत नारायण शर्मा ने संगत की।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रिंसिपल सेकेट्री एसएस शुक्ला एवं यूनेस्को नई दिल्ली से सुश्री जून्ही हेन, रैंड इपिक, संभागीय आयुक्त आशीष सक्सैना, निगमायुक्त किशोर कन्याल, आईआईटीटीएम के डायरेक्टर डॉ आलोक शर्मा एवं यूनेस्को के स्थानीय सलाहकार शिशिर श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
निगमायुक्त ने सभी युवाओं से की स्वच्छता सिटीजन फीडबैक देने की अपील
बैजा ताल के तैरते रंगमंच पर आयोजित शास्त्रीय संगीत के कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर निगमायुक्त किशोर कन्याल ने उपस्थित सभी युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों को स्वच्छता सर्वेक्षण 22 की जानकारी दी तथा वोट फॉर योर सिटी ऐप डाउनलोड कर ऑनलाइन सिटीजन फीडबैक देने का आग्रह किया।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









