पर्सनल आईडी पर टिकट बनाने वाला दलाल दबोचा

Mar 24 2022

ग्वालियर। दूसरों की पर्सनल आईडी का उपयोग कर रेल टिकट बुक करने वाले रेल दलाल को मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ स्क्वाड ने उसके सेंटर पर छापामार कर बनाए गए ई-टिकट व आरक्षण टिकट बुक करने के लिए उपयोग किए जाने वाले सामान के साथ रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत गिरफ्तार कर उससे बीते दिनों अवैध तरीके से बुक किए गए टिकटों के बारे में पूछताछ शुरु कर दी है।
सहायक संरक्षा आयुक्त आरपीएफ संजय सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहित कम्पूयटर सेंटर का दुकान संचालक अशोक पुत्र जगदीश बंसल दूसरों की पर्सनल आईडी का उपयोग कर आरक्षित टिकट बुक कर मोटा मुनाफा कमा रहा है। मुखबिर की सूचना पर कम्प्यूटर सेंटर पर पहुंचे आरपीएफ स्क्वाड देवेश कुमार, शिवनंदन शर्मा, राजकुमार सिंहं तोमर, शकील खान व दीपेन्द्र सिंह भदौरियां ने सेंटर की घेराबंदी कर अवैध तरीके से आरक्षित टिकट बना रहे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के सेंटर से पूर्व की यात्रा के चार यात्रा टिकट, एक सीपीयू, मॉनीटर व पिं्रटर मौके से जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। 
रेल दलाल दूसरों की आईडी पर अशोक अधिकृत आईडी की आड़ में प्रति व्यक्ति एक टिकट पर 200 से अधिक रुपए वसूल कर रनिंग ट्रेन का टिकट बनाकर महीनों से बिक्री कर रहा था। आरपीएफ ने आरोपी अशोक बंसल को रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर पूछताछ शुरु कर दी है।