दारू पार्टी में चढ़ा नशा, झगड़े के बाद दोस्त की हत्या

Mar 24 2022

ग्वालियर। दारू पार्टी कर रहे दो दोस्त आपस में विवाद करने लगे, विवाद बढ़ा तो उनके बीच मारपीट हो गई और फावड़ा मार कर हत्या कर दी। घटना आंतरी थाना क्षेत्र के बड़ोरी पुल के पास की है। वारदात के बाद आरोपी अपने घर जाकर सो गया। मामले का पता उस समय चला जब चौकीदार ने युवक की लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आरोपी को दबोच कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
छतरपुर निवासी गोपी अहिरवार पुत्र बलराम अहिरवार उम्र 25 साल मजदूरी करता है और अभी वह आंतरी थाना क्षेत्र स्थित बड़ोरी पुल के पास एक ईंट भट्टा पर काम कर रहा है। बीती रात वह अपने दोस्त राजेश प्रजापति के साथ दारू पार्टी कर रहा था। दारू पार्टी के दौरान किसी बात पर उनका विवाद हो गया और उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान राजेश ने पास पड़ा फावड़ा उठाकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। 
रात करीब डेढ़ बजे चौकीदार जब इधर पहुंचा तो गोपी की खून से सनी लाश देखकर शोर मचाया तो आस-पास के लोग भी वहां पर आ गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि आखिरी बार गोपी को राजेश के साथ देखा था। जब उसकी जानकारी की तो पता चला कि वह घर पर सो रहा है। पुलिस घर पहुंची तो उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया और हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। एफएसएल पहुंची जांच करने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ ही एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
इस मामले में थाना प्रभारी आंतरी रमाकांत उपाध्याय ने बताया कि दारू पार्टी में विवाद के बाद एक युवक की उसके दोस्त ने हत्या की है। मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पता नहीं चला है कि घटना की असल वजह क्या है।