सूखे पत्तों के कचरे को जलाया, दो डब्ल्यूएचओ निलंबित

Mar 23 2022

ग्वालियर। निगमायुक्त किशोर कन्याल ने शहर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान दो स्थानों पर सूखे पत्तों के कचरे में आग लगाई गई थी। इस पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों क्षेत्रों के डब्ल्यूएचओ को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यशाला प्रभारी को सूखे पत्तों के कचरे के संग्रहण के लिए अतिरिक्त वाहन क्षेत्र में भेजने के लिए कहा गया है।
निगमायुक्त ने निरीक्षण करते हुए इंद्रमणि नगर में एक खाली प्लाट पर सूखे पत्तों का कचरा जलता हुआ देखा। जिस पर निगमायुक्त ने तत्काल आग बुझाने के निर्देश दिए और संबंधित क्षेत्र के डब्ल्यूएचओ को निलंबित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं सिटी सेंटर क्षेत्र में शिवाजी पार्क के पास डीआरडीई के कर्मचारी द्वारा सूखे पत्तों में आग लगाए जाने पर भी आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की, साथ ही संबंधित कर्मचारी पर 500 का जुर्माना लगाया गया है और क्षेत्र के डब्ल्यूएचओ को निलंबित करने के निर्देश दिए। इस दौरान शहर के अन्य कई क्षेत्रों में साफ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सतर्कता से सफाई व्यवस्था की मानिटरिंग करने एवं कर्मचारियों को स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही ना बरतने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान पवन सिंघल,  शिशिर श्रीवास्तव, मुकेश बंसल, शैलेंद्र सक्सेना, नोकेशव सिंह चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
स्वच्छता जागरूकता अभियान का किया शुभारंभ
निगमायुक्त ने निरीक्षण के दौरान हेम सिंह की परेड सिकंदर कंपू पर स्थित शहीद चौराहे पर शहीदों को नमन करते हुए पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता फैंस क्लब द्वारा प्रारंभ किए गए स्वच्छता जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित सभी क्षेत्र के नागरिकों को आनलाइन फीडबैक के लिए ऐप डाउनलोड कर आया तथा अधिक से अधिक फीडबैक कराने का आग्रह आमजन से किया। इस अवसर पर पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित थे।
पूर्व न्यायाधीश को दी स्वच्छता सर्वेक्षण की जानकारी
निगमायुक्त किशोर कन्याल ने सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान सिटी सेंटर स्थित गुलमोहर सिटी में पूर्व न्यायाधीश एके श्रीवास्तव के निवास पर पहुंचकर उन्हें स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही उनके मोबाइल में वोट फार माय सिटी ऐप डाउनलोड कर आनलाइन सिटीजन फीडबैक दर्ज कराया।