विधायक पाठक की पहल पर बेटी बचाओ तिराहा से लोहार पुलिया तक बनेगी डस्ट फ्री फोरलेन रोड़

Mar 22 2022

ग्वालियर। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में स्थित बेटी बचाओ तिराहा से लोहार पुलिया सिकंदर कंपू तक शीघ्र ही डस्ट फ्री फोरलेन रोड के निर्माण के लिए कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। ग्वालियर दक्षिण विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के विधायक  प्रवीण पाठक की पहल पर सरकार द्वारा इस रोड के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी गई है एवं 2022-23 के बजट में भी इसके लिए राशि का प्रावधान कर दिया गया है। 
उक्त रोड के लिए विधायक श्री पाठक ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री ओम हरि शर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी बी के त्रिपाठी के साथ विस्तृत प्राक्कलन हेतु डिस्कशन किया एवं इस रोड का निरीक्षण किया। बेटी बचाओ तिराहा से लोहार पुलिया सिकंदर कंपू तक लगभग 3.50 करोड रुपए की लागत से बनने वाली लगभग 2.20 किलोमीटर लंबी इस डस्ट फ्री फोरलेन रोड की आगामी एक से डेढ़ माह में डीपीआर तैयार हो जाएगी एवं अगले 3 माह में रोड का काम भी शुरू होने की संभावना है। 
क्षेत्रवासियो को एक वर्ष के अंदर इस सड़क का लाभ मिलने लगेगा। विकासवादी सोच रखने वाले एवं क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहने वाले ग्वालियर दक्षिण से विधायक प्रवीण पाठक के अथक प्रयासों से बेटी बचाओ तिराहा से लोहार पुलिया सिकंदर कंपू तक की रोड को इस वर्ष के बजट में शामिल कर लिया गया है। विधायक श्री पाठक इस रोड के लिए पिछले दो वर्ष से लगातार प्रयासरत थे। इस रोड के बन जाने से सिकंदर कंपू का संपूर्ण क्षेत्र विकास की मुख्यधारा में जुड़ जाएगा एवं इस क्षेत्र की काफी बड़ी आबादी इससे लाभान्वित होगी।