परिजनों का आयुष हॉस्पीटल के डॉक्टरों पर आरोप लाश का करते रहे घंटों तक इलाज,जमा कराए 45 हजार

Mar 21 2022

ग्वालियर। शहर में संचालित हो रहे एक निजी हॉस्पीटल में सड़क हादसे में घायल होकर इलाज के लिए भर्ती मरीज की मौत होने के बाद हॉस्पीटल के डॉक्टरों द्वारा घंटों इलाज करने का आरोप मृतक के परिजनों ने हॉस्पीटल के डॉक्टरों व संचालक पर लगाते हुए जमकर हंगामा कर शव को हॉस्पीटल के बाहर रखकर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना कंपू पुलिस ने परिजनों क ो उचित कार्रवाई का भरोसा देकर चक्काजाम खुलवाने के बाद परिजनों की मांग पर मृतक का पीएम कराया गया है।
मुरार निवासी नारायण बाथम ने बताया कि मोंठ यूपी निवासी विवेक रायकवार रिश्ते में उसका साला लगता है, विवेक अठारह मार्च को एक सड़क हादसे में गंभीर रुप से घायल हो गया था, विवेक को बेहतर इलाज मिल सके इसके लिए परिजन उसे इलाज के लिए ग्वालियर के जयारोग्य हॉस्पीटल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे थे। जेएएच में एडमिट करने से पहले एक युवक मिला उसने बताया कि होली का त्योहार होने के कारण वरिष्ठ डॉक्टर ट्रॉमा सेंटर में उपलक्ध नहीं हंै, विवेक को तत्काल इलाज मिल सके इसलिए विवेक के परिजन युवक की बातों में आ गए और उसे हुजरात रोड स्थित आयुष हॉस्पीटल में भर्ती करा दिया।
मृतक के जीजा नारायण ने बताया कि विवेक को हॉस्पीटल में इलाज शुरु करने से पहले ही उनसे पैतालीस हजार रुपए जमा करा लिए थे। विवेक की हालत बिगड़ती देख परिजनों ने उसे दूसरे डॉक्टर से इलाज कराने के लिए केस फाइल मांगी तो इलाज कर रहे डॉक्टरों ने मना कर दिया और कुछ ही देर बाद ही इलाज कर रहे डॉक्टरों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि विवेक की मौत पहले ही हो चुकी थी लेकिन रकम ऐंठने के चलते उनके मरीज को वेंटीलेटर सपोर्ट पर होने की बात कहकर परिजनों को गुमराह करते रहे।
शव रखकर किया चक्काजाम
विवेक की मौत के बाद परिजनों ने हॉस्पीटल में जमकर हंगामा कर मृतक के शव को हॉस्पीटल के बाहर सड़क पर रखकर डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई करने की मांग कर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की खबर मिलते ही थाना कंपू पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर चक्काजाम खुलवाकर परिजनों को शांत कराया।
इस मामले में टीआई कंपू रामनरेश यादव ने कहा कि निजी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद विवाद की सूचना मिली थी, सूचना पर आक्रोशित परिजनों को शांत कराया है और मृतक का पीएम कराया गया है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।