शहर को स्वच्छ रखने दौड़े मंत्री व आयुक्त

Mar 20 2022

ग्वालियर। शहर हम सभी का है, शहरवासियों के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ रखकर हम सभी देश में नंबर एक बनाएंगे, शहर को साफ व स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी भी हम सभी शहरवासियों की है, इसलिए आओ मिलकर संकल्प लें कि ग्वालियर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाएंगे। यह बात रविवार सुबह ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं निगमायुक्त किशोर कान्याल ने स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित मैराथन को हरी झण्डी दिखाने के साथ ही हजीरा चौराहे से पड़ाव तक दौड़ लगाकर स्वक्ष्छता का संदेश दिया। 
हजीरा चौराहे से पड़ाव तक किया जागरूक 
आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने एवं स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के तहत नागरिकों को स्वच्छता में सहभागिता के लिए प्रेरित करने रविवार को मंत्री तोमर एवं निगमायुक्त कान्याल ने हजीरा स्थित स्टेट बैंक चौराहे से पड़ाव तक दौड़कर आमजनों को स्वच्छता का संदेश दिया। शहर में मैराथन का आयोजन शहर के अलग-अलग वार्डों में कर इन इलाकों में रहने वाले लोगों को स्वच्छता में निगम का सहयोग कर शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए निगम अफसरों ने प्रेरित किया।
स्वच्छता को लेकर शुरु किए गए विशेष अभियान की जानकारी देते हुए निगमायुक्त कान्याल ने बताया कि इस बार स्वच्छता अभियान रंैकिंग में शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए सभी 66 वार्डों की सफाई को लेकर नियमित मॉनीटरिंग की जाने के साथ कचरा वाहन इलाकों में पहुंच रहे हैं या नहीं इसके लिए वाहनों पर लगाए गए जीपीएस सिस्टम से नजर रखी जा रही है। साथ ही वार्ड में सफाई की मॉनीटरिंग करने के लिए नियमित रिपोर्ट निगम के जोनल व वार्ड अधिकारियों से लेकर वार्ड मॉनीटर से वॉकी-टॉकी के माध्यम से ली जा रही है।
शहरवासी दे सकते हैं सुझाव
शहर को नियमित स्वचछ बनाए रखने के लिए शहरवासी अपने सुझाव निगमायुक्त को लैंडलाइन नंबर 0751-2438748 पर दे सकते हैं। आने वाले सुझावों व शिकायतों पर तत्काल अमल किया जाएगा। अंत में कान्याल ने शहरवासियों से शहर को स्वच्छ बनाने के लिए निगम का सहयोग करने की अपील की है।