गर्मी ने अपने कड़े तेवर दिखाना शुरु किए

Mar 20 2022

ग्वालियर। अंचल में कोई भी सिस्टम के सक्रिय नहीं होने व राजस्थान व पूर्वी पाकिस्तान से आ रही गर्म हवा ने मार्च के महीने में ही गर्मी ने अपने कड़े तेवर दिखाना शुरु कर दिए हैं। मौसम विभाग की मानें तो आगामी 24 मार्च तक गर्म हवा व गर्मी से अंचलवासियों को कोई राहत नहीं मिलेगी।
आमतौर पर होली के आसपास मौसम सुहाना रहता था। न अधिक सर्दी और और न ज्यादा गर्मी। लेकिन इस साल मार्च महीने में अरब सागर से आने वाली नमी का प्रतिशत घटने से गर्मी के तेवर पन्द्रह मार्च के बाद से ही तीखे हो गए हैं। जहां अप्रैल महीने में एसी-कूलर चलना शुरु होते थे वहीं इस साल गर्मी से राहत पाने के लिए शहरवासी एसी-कूलर व चौबीस घंटे पंखे की हवा का सहारा लेने को मजबूर हंै। गर्मी के तेवर कड़े होते ही बीती रात न्यूनतम तापमान मौसम विभाग के आंकड़ों में 20.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.4 फीसदी अधिक होने्र से रात में भी गर्मी ने परेशान किया।
गर्मी का आलम यह है कि रविवार सुबह साढ़े पांच बजे ही पारा 22.2 डिग्री दर्ज किया गया जो दिन चढऩे के साथ सूरज की तपिश व गर्म हवा का साथ मिलते ही बारह बजे तापमान 37 के पार पहुंचने से लोग गर्मी से परेशान दिखे।
जेएएच के मेडिसिन विभाग में पदस्थ प्रोफेसर डॉ.अजय पाल ने बताया कि चूंकि इस साल मार्च में ही तापमान बढऩे लगा है और लोगों का पसीना निकल रहा है, पसीना निकलने के कारण शरीर में पानी की कमी होने लग जाती है। ऐसे में गर्मी से बचाव के लिए लोग कॉटन के ढीले कपड़े पहनें, साथ ही दिन में तीन लीटर पानी का सेवन जरुर करें जिससे शरीर में पानी की कमी नहीं होने से मौसमी बीमारी व संक्रमण से बचाव हो सकेगा।