डेढ़ साल की बच्ची को कुत्ते ने नोंचा, चेहरे पर आए 12 टांके- घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कुत्ते को मार डाला

Mar 20 2022

ग्वालियर। शहर में आवारा कुत्ते जानलेवा होते जा रहे हैं। एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। घर के बाहर खेल रही डेढ़ साल की रिया पर ऐसे ही आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। बच्ची की रोने की आवाज सुनकर परिजन बाहर आए, तो देखा कि एक कुत्ते के जबड़े में मासूम का चेहरा था। कुत्ते के नुकीले दांत मासूम के माथे को चीरते जा रहे थे। किसी तरह परिजन ने मासूम को छुड़ा लिया, लेकिन वह लहूलुहान हो चुकी थी। रिया के सिर में 12 टांके आए हैं। वह इतनी दहशत में है कि कुछ समझ भी नहीं पा रही। अभी तो मासूम ढंग से बोलना भी नहीं सीखी है कि दर्द बयां कर सके। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कुत्ते को मार डाला है।
इंद्रमणि नगर में रहने वाले गोपाल सिंह आर्य की डेढ़ साल की बच्ची रिया गत दिवस घर के दरवाजे पर खेल रही थी, तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला बोल दिया। कुत्ता दौड़ता हुआ आया और हाथ में बोल लेकर खेल रही बच्ची पर छलांग लगाकर उसका सिर अपने मुंह में दबोच लिया। कुत्ता बच्ची के सिर को अपने दांतों में दबाकर अपनी ओर खींचने लगा। तभी परिजन उसे बचाने के लिए दौड़े। डर था कि कहीं कुत्ता बच्ची के सिर को फाड़ न दे पर इसी बीच परिजन ने बच्ची को कुत्ते की पकड़ से छुड़ा लिया। कुत्ते के दांत बच्ची के माथे और सिर में घुसने के कारण वह लहूलुहान हो गईं। उसका पूरा माथा फट गया है। परिजन उसे लेकर जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। यहां बच्ची के माथे और सिर में करीब एक दर्जन टांके आए हैं। बच्ची को को पीडिय़ाट्रिक सर्जरी विभाग में शिफ्ट कर दिया गया। अब बच्ची की हालत ठीक है।
बच्ची की मां हेमा आर्य ने बताया कि इस आवारा कुत्ते ने मेरी बच्ची के साथ-साथ मोहल्ले में पांच लोगों को और काटा है। मोहल्ले वालों ने कुत्ते को मार डाला है। बच्ची की अस्पताल में नियमित पट्टी होने के साथ ही एंटी रैबीज के इंजेक्शन भी लगाए जा रहे हैं।
कुत्ता काटे तो यह करें
अच्छी तरह धोएं और तत्काल विशेषज्ञ की सलाह लें जब भी कुत्ता काटे तो उस स्थान को साबुन और पानी से कम से कम 10 मिनट तक धोएं और एंटी सेप्टिक सॉल्यूशन लगाकर विशेषज्ञ की सलाह लें। मिर्च लगाना ठीक नहीं है, क्योंकि इससे घाव को भरने में समय अधिक लगेगा। जेएएच और जिला अस्पताल के कैजुअल्टी में पहुंचे।