डीआरपी लाइन में एसएसपी ने गाया गाना, उड़े रंग गुलाल, पुलिस कर्मियों की होली में शामिल हुए अफसर, हुआ नाच व गाना

Mar 20 2022

ग्वालियर। होली पर धुलेंडी के बाद पुलिस कर्मी होली मनाते हैं। ग्वालियर डीआरपी लाइन में पुलिस कर्मियों के होली खेलने के आयोजन किया गया। जिसमें सभी पुलिस कर्मियों व अफसरों ने होली खेली। इस कार्यक्रम में आईजी, एसएसपी से लेकर पुलिस के सभी अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। खासबात यह रही कि एसएसपी ने स्वयं कार्यक्रम में होली गीत गाया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने धमाल व मस्ती शुरू कर दी। डीआरपी लाइन में होली खेलने का यह आयोजन करीब तीन से चार घंटे चला। पुलिस कर्मी होली गीतों पर खूब नाचे गए और गुलाल व रंग उड़ाया। होलिका दहन के दूसरे दिन धुलेंडी पर पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था को संभालने में व्यस्त रहते हैं और होली नहीं खेल पाते। इसलिए दूज के दिन पुलिस कर्मी होली खेलते हैं। हालांकि इस दौरान भी कुछ बल होली खेलने से बच जाता है क्योंकि यह बल शहर में सुरक्षा व्यवस्था में रहता है।
आयोजन स्थल पर पुलिस अफसरों ने रंग व गुलाल की व्यवस्था की थी। हालांकि पुलिस कर्मी स्वयं भी गुलाल लेकर आए थे। साथ ही डीेजे की व्यवस्था की गई थी। डीजे पर बज रहे गानों पर पुलिस कर्मी थिरके। उनके साथ अफसरों न केवल गाने गाए, बल्कि पुलिस कर्मियों के साथ नाचे भी। ऐसे में पुलिस कर्मियों का मनोबल भी बढ़ा।
साल भर पुलिस के बड़े अफसर कर्मचारियों से ड्यूटी तो करवाते ही हैं, साथ ही किसी न किसी गलती पर डाटते और सजा देते रहते हैं। लेकिन होली पर पुलिस कर्मियों के पास एक मौका होता है जब वे पुलिस अफसरों के साथ उनके सामने ही मस्ती करते हैं और उनके साथ होली खेलते हैं। खासबात यह है कि पूरे आयोजन में पुलिस कर्मी अपने अफसरों के गुलाल व रंग लगा रहे थे। लेकिन अफसर भी उन्हें डाटने की जगह उनके साथ मस्ती करते नजर आए।