मौका मिला है क्यों न खेलें खुलकर होली

Mar 17 2022

ग्वालियर। पिछले साल होली पर कोरोना संक्रमण के दौरान लॉकडाउन लगा था। ऐसे में लोगों ने घरों में कैद होकर होली मनाई थी। ना दोस्तों से मिल सके थे ना ही रिश्तेदारों को होली की शुभकामनाएं देने जा सके थे। लेकिन इस बार माहौल बदला हुआ है। कोई बंदिश नहीं है इसलिए ही इस साल खुलकर होली मनाने के लिए सभी तैयार बैठे हैं। होलिका दहन के पूर्व सुबह से ही लोग मंदिरों में पहुंचे और पूजा अर्चना की। जिला न्यायालय के पास स्थित श्री गिर्राज जी मंदिर पर भक्त परिक्रमा लगाकर परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांग रहे थे।
जागरूकता के चलते इस बार होली पर अधिकांश जगह कंडों और गाय के गोबर की लकडिय़ों की होली जलाई जाएंगी। शहर में 550 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। होली पर होरे, गेहूं के बाले गुलरियों और कंडे आदि की भी जमकर खरीदारी हुई। होली पर पूजन करने के कारण लोगों ने इनकी जमकर खरीदारी की। जगह-जगह डीजे लगाए जा रहे हैं। ठंडाई के लिए सौंफ भिगोई जा रही है तो कोई भांग घोंटने की तैयारी में लगा हुआ है।
सुबह से रही दुकानों पर भीड़
गुरुवार को सुबह से ही नमकीन, मिठाई, डेयरी, रंग और पिचकारी की दुकानों पर जमकर भीड़ रही। वहीं मोर बाजार में सुबह से ही लोग मावा खरीदते नजर आए। पिचकारियों और रंगों की दुकानों पर सुबह से ही बच्चे और उनके परिजन सामान खरीद रहे हैं। किराना, मिठाई, रंग, गुलाल और पिचकारियों की दुकानों पर बुधवार देर रात तक भीड़ रही। शहर में कई स्थानों पर रंगों और पिचकारियों की अस्थायी दुकानें सजी हुई हैं। बाजार में जहां नजर डालो वहां सिर्फ दुकानों पर पिचकारियां ही टंगी नजर आ रही हैं। मुरार के सदर बाजार, बारादरी, सात नंबर चौराहा, गोला का मंदिर, पिंटोपार्क, मयूर मार्केट, ठाटीपुर, सिटी सेंटर, गोविंदपुरी चौराहा, कंपू, लश्कर, हजीरा, चार शहर का नाका आदि क्षेत्रों में रंगों और मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ रही।