साढ़े चार लाख की अवैध शराब सहित तस्कर पकड़े

Mar 17 2022

ग्वालियर। होली से पहले पुलिस ने शराब माफिया के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। ग्वालियर थाना पुलिस ने ढाई लाख की अवैध शराब के साथ तस्कर दबोचा है, वहीं पनिहार थाना पुलिस ने भी एक तस्कर को दो लाख रुपए की शराब के साथ पकड़ा है तो तिघरा थाना पुलिस ने जहरीली शराब के साथ ही तस्कर से एक कट्टा भी बरामद किया है। पुलिस पकड़े गए तस्करों से पूछताछ में जुट गई है। 
ग्वालियर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि सूचना मिली थी कि गोसपुरा नंबर एक निवासी राजेश पुत्र भूरे सिंह राजावत अवैध शराब की खेप लेकर आया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के  साथ ही मुखबिर के बताए स्थान गोसपुरा नंबर एक में दबिश दी और अंगे्रजी शराब कीमती करीब ढाई लाख रुपए की बरामद की है। पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के बारे में कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी, जिसकी पुष्टि के लिए गत एक सप्ताह से दो जवान यहां पर निगरानी कर रहे थे। बीती रात जैसे ही शराब की खेप आई, जवानों ने सूचना दी और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को दबोच लिया है। 
कार से शराब पकड़ी
पनिहार थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान शराब से भरी एक कार को पकड़ा है। पुलिस ने पकड़े गए तस्कर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पनिहार थाना प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक कार से अवैध शराब शिवपुरी से ग्वालियर आ रही है। सूचना मिलते ही चेकिंग लगाकर वाहनों की तलाशी शुरू कराई, तभी कार एमपी 07 सीए 2478 आती दिखी, जिसे रोककर तलाशी ली तो उसमें आठ पेटी शराब की बरामद हुई। शराब बरामद होते ही चालक दीपू पुत्र बेताल निवासी तारागंज को हिरासत में ले लिया है। 
जहरीली शराब और कट्टा मिला
तिघरा थाना पुलिस ने ग्राम कुलैथ से एक शराब तस्कर को 25 लीटर जहरीली शराब व कट्टे सहित दबोचा है। पुलिस ने पकड़े गए तस्कर से पूछताछ की तो उसने अपना नाम भूपेन्द्र पुत्र रामस्वरूप यादव निवासी कुलैथ बताया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।