36 लाख का ठग निकला ट्रिपल हत्याकांड का आरोपी, मऊरानीपुर में अपनी प्रेमिका व उसके दो बच्चों की थी निर्मम हत्या

Mar 17 2022

ग्वालियर।  बिलौआ में 36 लाख की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी यूपी में ट्रिपल मर्डर का फरार बदमाश निकला। उसने करीब 9 साल पहले मउरानीपुर मे अपनी प्रेमिका और उसके दोनों बच्चों की हत्या को अंजाम दिया था। यही नहीं इसी बदमाश ने ग्वालियर के लश्कर इलाके में रहने वाली अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर उसके पति की हत्या को भी अंजाम दिया था। शव को बेतवा नदी में बहा दिया था। इसके अलावा भी उस पर कई अपराध है।
एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि मुखबिर से खबर मिली कि वर्ष 2013 में थाना बिलौआ क्षेत्र में 36 लाख रूपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को बिलौआ क्षेत्र में देखा गया है। इस पर एएसपी क्राइम राजेश डण्डौतिया को आरोपी पकडऩे की जिम्मेदारी सौपी गई। एएसपी ग्रामीण जयराज कुबेर से समन्वय स्थापित कर डीएसपी अपराध रत्नेश सिंह तोमर, नागेन्द्र सिंह सिकरवार थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच दामोदर गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिलौआ स्थित फार्म हाउस की घेराबंदी कर उसे धरदबोचा। पकड़े गये आरोपी से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राजेश बताया। इसने शासकीय चरनौई भूमि को फर्जी तरीके से कूट रचित दस्तावेज बनाकर 36 लाख रूपये की धोखाधड़ी कर बैच दी थी। जिस पर से हरिशंकर शिवहरे निवासी सचिन तेंदूलकर मार्ग की रिपोर्ट पर बिलौआ में मामला दर्ज हुआ था। 
चार हत्याओं को अंजाम देकर देशभर में काटी फरारीआरोपी राजेश ने 
2013 में अपने भाई व जीजा के छोटे भाई के साथ मिलकर अपनी प्रेमिका एवं उसके दो बच्चों की निर्मम हत्या मउरानीपुर (झांसी) में कर दी थी। हालांकि दो आरोपी तो गिरफ्तार हो गए यह फरार था। उसने2011 में ग्वालियर निवासी एक अन्य प्रेेमिका के पति की हत्या बीयर की बॉटल में नींद की अधिक गोलिया मिलाकर बेतवा नदी के किनारे पर कर दी थी, इसके बाद प्रेमिका के साथ मिलकर उसके पति का शव बेतवा नदी में बहा दिया था। यह 2011 से थाना बिलौआ के मारपीट के एक अन्य प्रकरण में भी फरार चल रहा था। इस पर 14 मार्च को आरोपी की पत्नी द्वारा आरोपी एवं उसके साथियों के विरूद्ध मारपीट व जान से मारने की धमकी एवं गाली गलौंच की रिपोर्ट थाना झांसीरोड़ में की है। आरोपी पर एसएसपी झांसी द्वारा पूर्व में ईनाम भी घोषित किया गया है। हत्या के बाद यह इंदौर, भोपाल, दिल्ली, मेरठ आदि जगहों पर फरारी काट रहा था।
एएसआई की सक्रियता से पकड़ा गया बदमाश
ट्रिपल मर्डर में फरार आरोपी को पकडऩे का पूरा श्रेय एएसआई शैलेन्द्र सिंह चौहान को जाता है। जो वर्तमान में शिवपुरी जिले के पिछोर थाने में पदस्थ है। शैलैन्द्र ने ग्वालियर में रहते हुए कई बदमाशो को सलाखों के पीछे पहुंचाया। दूसरे जिले में जाने के बाद भी उनके मुखबिर लगातार सक्रिय है। यही वजह है कि उनके एक मुखबिर ने इस आरोपी की पूरी जानकारी उन्हें दी। इसके बाद वह तुरंत सक्रिय हो गए। आरोपी की पूरी कुंडली निकालकर लिखी। वहीं कुंडली अधिकारियों तक भी पहुंच गई। उनकी सक्रियता की वजह से क्राइम ब्रांच टीम इस बदमाश को पकडऩे में सफल हो सकी है।
ग्वालियर पुलिस को आशंका है कि इस आरोपी से और भी मामले खुल सकते हैं। इसलिए ग्वालियर क्राइम ब्रांच उससे पूछताछ कर रही है। कई ठगी के मामले अभी तक वह कबूल कर चुका है। बस उसके द्वारा दी जा रही जानकारी को वेरिफाई किया जा रहा है।