तिघरा डैम में डूबे युवक का शव दो दिन बाद मिला

Mar 16 2022

ग्वालियर। मछली पकडऩे के दौरान तिघरा डैम में डूबे युवक का शव गुरूवार सुबह गोताखोरों को मिल गया। तिघरा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी तिघरा सुरेश सिंह कुशवाह ने बताया कि बेताल पुत्र मुरारी बाथम निवासी पनिहार मछली पकडऩे के लिए दोस्तों के साथ तिघरा डैम में आया था। यहां वह डैम में गिर गया। घटना दो दिन पहले हुई थी। शव की तलाश में एसडीआरएफ की टीम सहित ग्राम पनिहार थाने की पुलिस तलाश में जुटी हुई थी। सीमा विवाद के बाद पटवारी द्वारा चेक किए जाने पर घटनास्थल पनिहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाया गया। उसके बावजूद पनिहार पुलिस घटना अपने क्षेत्र की मानने से इंकार कर रही थी। जिससे मानवीय आधार को दृष्टिगत रखते हुए तिघरा थाना पुलिस ने शव को भिजवा कर मर्ग कायम कर लिया है। 
इस तरह हुई थी घटना
पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले 25 वर्षीय बेताल बाथम पुत्र मुरारी बाथम निवासी बरई अपने परिजनों तथा साथियों के साथ मछली पकडऩे आया था और जाल डालते समय वह पानी में गिर गया और गहरे पानी में चला गया था। काफी प्रयास के बाद जब वह नहीं निकला तो पुलिस को सूचना दी।